आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे से ही मजबूत होगी पंचायत सरकार

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

Doorbeen News Desk: सिंघिया प्रखंड में रविवार को सरकार के निर्देश पर पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। पंचायत भवन, पंचायत सरकार भवन एवं अन्य सरकारी भवनों में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त पंचायत’ रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित पंचायतों के मुखिया ने की। पंचायत विकास दिवस के साथ कई पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस-2024 में सर्वेक्षित परिवारों की सिस्टम जेनरेटेड प्रारूप प्रतीक्षा सूची के अनुमोदन की प्रक्रिया भी पूरी की गई।

बीडीओ विवेक रंजन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत स्तरीय कर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। पंचायत सचिव एवं निर्देशानुसार नामित कर्मियों ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस दौरान पंचायतों के सामाजिक, आर्थिक एवं विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम लोगों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लोक सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

पंचायत विकास दिवस के अवसर पर हरदिया, लिलहौल, माहे एवं विष्णुपुर डीहा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस-2024 में सर्वेक्षित परिवारों की सिस्टम जेनरेटेड प्रारूप प्रतीक्षा सूची के अनुमोदन की कार्रवाई की गई। इस दौरान पात्र लाभुकों से संबंधित सूची पर चर्चा करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
बीडीओ ने कहा, पंचायतों में नियमित हो सेवाओं का संचालन

प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक रंजन ने कहा कि पंचायत सरकार ग्रामीणों के सबसे नजदीक काम करने वाली शासन व्यवस्था है। पंचायतों को आत्मनिर्भर एवं प्रभावी बनाने के लिए मजबूत बुनियादी ढांचे के साथ पंचायत कार्यालयों में कर्मियों की नियमित उपलब्धता जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंचायत कार्यालय में संचालित आरटीपीएस काउंटर पर लोगों को समय पर सेवाएं मिलनी चाहिए। कार्यपालक सहायकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होने से ग्रामीणों को प्रमाणपत्र एवं अन्य लोक सेवाओं के लिए अनावश्यक रूप से प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।

उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों से स्थानीय समस्याओं की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान की दिशा में कार्य करने की बात कही।
आरटीपीएस काउंटर के संचालन पर हुई चर्चा
सितंबर माह के पंचायत विकास दिवस के लिए पंचायती राज विभाग, पटना की ओर से पंचायत कार्यालय में आरटीपीएस संचालन की स्थिति पर चर्चा करने का निर्देश दिया गया था। इसी क्रम में पंचायतों में आरटीपीएस काउंटर के संचालन और ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि कुछ पंचायतों में कार्यपालक सहायकों की लगातार अनुपस्थिति के कारण आरटीपीएस सेवा का संचालन प्रभावित हो रहा है। इससे प्रमाणपत्र सहित अन्य लोक सेवाओं के लिए पंचायत कार्यालय पहुंचने वाले ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बैठक में यह भी बताया गया कि माहे, विष्णुपुर क्योटहर, वारी एवं कुण्डल-02 पंचायत में कार्यपालक सहायक का पदस्थापन नहीं होने के कारण ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत कार्यालय में कर्मियों की नियमित उपलब्धता नहीं होने से लोगों को सरकारी योजनाओं एवं विभिन्न लोक सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने में भी परेशानी होती है।

शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार समेत कई मुद्दों पर मंथन
कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार, जल संरक्षण, सामाजिक सुधार समेत स्थानीय स्तर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पंचायत की आवश्यकताओं और समस्याओं को सामने रखा। वक्ताओं ने कहा कि पंचायतों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पंचायतों में सड़क, बिजली, पेयजल, सरकारी भवन, इंटरनेट, स्वच्छता एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

वक्ताओं ने कहा कि आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा केवल पंचायत भवन या अन्य सरकारी भवनों तक सीमित नहीं है। इसमें ऐसी सभी सुविधाएं शामिल हैं, जिनसे पंचायत स्तर पर प्रशासनिक एवं जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें। पंचायत कार्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और कर्मियों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने से लोक सेवाओं की पहुंच आसान होगी।

पंचायत विकास दिवस के माध्यम से स्थानीय समस्याओं पर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ सामूहिक चर्चा कर समाधान की दिशा में पहल को ग्रामीण शासन व्यवस्था को मजबूत करने की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया। कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि पंचायत स्तर के सभी कर्मी निर्धारित कार्य दिवस में पंचायत कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्य करें, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं और लोक सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

*किचन में महिला का पैर पड़ते ही सांप पर पड़ा शोर, युवकों ने रेस्क्यू कर बचाई जान – Doorbeen News*

किचन में महिला का पैर पड़ते ही सांप पर पड़ा शोर, युवकों ने रेस्क्यू कर बचाई जान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *