व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
समस्तीपुर, 22 सितंबर 2026। अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में विधि-व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे। इसमें विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, भूमि विवादों के त्वरित समाधान और नीलाम वादों के समयबद्ध निष्पादन को लेकर दिशा–निर्देश दिए गए।
एसडीओ राकेश कुमार ने कहा कि विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति की नियमित समीक्षा करने और लंबित मामलों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
भूमि विवादों पर विशेष निगरानी
बैठक में भूमि विवाद के मामलों को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। एसडीओ ने कहा कि ऐसे मामलों की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित की जाए। विवादों के समाधान में आपसी समन्वय और सामंजस्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए शीघ्र समाधान निकालने की दिशा में कार्रवाई की जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और थानाध्यक्षों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी न हो और विवाद के कारण विधि-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित नहीं हो।
नीलाम वादों में नोटिस तामिला पर जोर
एसडीओ ने नीलाम वादों के निष्पादन में पारदर्शिता और तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित मामलों में नोटिस की तामिला सुनिश्चित करने को आवश्यक बताया, ताकि संबंधित पक्षों को समय पर जानकारी मिल सके और मामलों का नियमानुसार निष्पादन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि नीलाम वादों के समयबद्ध निष्पादन से आम लोगों को राहत मिलने के साथ राजस्व वसूली में भी मदद मिलेगी।
बैठक के दौरान सभी थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों की समस्याओं, विधि-व्यवस्था की स्थिति और लंबित मामलों की प्रगति से एसडीओ को अवगत कराया। अधिकारियों ने दिए गए दिशा-निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।


*जमुई छात्रा उत्पीड़न मामले को लेकर समस्तीपुर में प्रतिवाद जुलूस व सभा, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग – Doorbeen News*










