व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर : बिहार के जमुई में एक स्कूली छात्रा के साथ हुई मारपीट एवं यौन उत्पीड़न की घटना के विरोध में मंगलवार की शाम समस्तीपुर शहर के ओवरब्रिज चौराहा स्थित कर्पूरी प्रतिमा स्थल पर नागरिक समाज, आइसा एवं ऐपवा के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिवाद जुलूस निकालकर सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर घटना के प्रति आक्रोश व्यक्त किया तथा बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
सभा की अध्यक्षता ऐपवा जिला अध्यक्ष बंदना सिंह एवं आइसा जिला अध्यक्ष लोकेश राज ने संयुक्त रूप से की। सभा का संचालन भाकपा माले जिला कमिटी सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह तथा आइसा जिला सचिव सुनील कुमार सिंह ने किया।


सभा को संबोधित करते हुए नागरिक समाज के दीनबंधु प्रसाद, जीतेन्द्र कुमार, भाकपा माले के जीतेंद्र कुशवाहा, रामलाल राम, आइसा के दीपक यदुवंशी, धीरज कुमार, हिमांशु कुमार, राजद के राम विनोद पासवान, कांग्रेस के विश्वनाथ सिंह हजारी तथा सामाजिक कार्यकर्ता शाहीद हुसैन, एनजीओ संघ के अधिवक्ता संजय कुमार बबलू,
रेलवे ट्रेड यूनियन के संतोष कुमार निराला, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा की।वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ बढ़ रही घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं तथा दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जानी चाहिए।


वक्ताओं ने राज्य सरकार से पीड़िता को न्याय, सुरक्षा तथा समुचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। सभा के दौरान प्रतिभागियों ने महिला सुरक्षा, कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नारे भी लगाए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ऐसी घटनाओं के खिलाफ लगातार आवाज उठाने का संकल्प लिया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में ऐपवा जिला अध्यक्ष बंदना सिंह ने जिले में छेड़खानी के तमाम मुकदमें के आरोपियों को बचाने के बजाय जेल में बंद करने की मांग की।
अंत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पूतला फूंक जमुई छात्रा उत्पीड़न की घटना का विरोध किया गया।


*जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर किसान गोष्ठी आयोजित – Doorbeen News*
जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर किसान गोष्ठी आयोजित






