घर मे घुसकर महिला के जेवर छीनने के प्रयास में युवक धराया, पुलिस ने किया गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शीतलपट्टी गांव में घर में घुसकर महिला से छेड़खानी करने और उसके गले से सोने के आभूषण काटने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। महिला के शोर मचाने पर उसके पति और ग्रामीणों ने आरोपित युवक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची डायल-112 की पुलिस टीम आरोपित को थाने ले गई।

मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी की पहचान रामपुर केशोपट्टी वार्ड-7 के स्व. मनोज कुमार सहनी के पुत्र नीरज उर्फ कलुआ (21) के रूप में की गई है।

पीड़िता शंभू राय की पत्नी रिंकु देवी (40) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 16 सितंबर की रात करीब एक बजे वह अपने पति के साथ घर के बरामदे में चौकी पर सो रही थीं। गर्मी के कारण घर का गेट खुला हुआ था। इसी दौरान एक युवक घर में घुस आया और उनके साथ छेड़खानी करने लगा। आरोप है कि युवक ने उनके गले में पहने सोने के दो जितिया और एक चकती को ब्लेड से काटने का प्रयास किया।

महिला के जागने और शोर मचाने पर आरोपित ने उनका मुंह दबाने का प्रयास किया। शोर सुनकर उनके पति जाग गए और आरोपित को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान युवक छत के रास्ते बाहर कूद गया। शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़ लिया। इसके बाद महिला के पोते ने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपित को थाने ले गई।

पीड़िता ने आवेदन में क्षेत्र में पूर्व में महिलाओं के गले से सोने के आभूषण काटने की घटनाओं का भी उल्लेख किया है। आवेदन के अनुसार, 20 अगस्त को बेबी देवी, 28 अगस्त को मंजू देवी और 4 सितंबर को शीला देवी के गले से सोने की चकती काटने का आरोप लगाया गया है।

इसके अलावा करीब छह माह पूर्व आरोपित पर अपने चाचा के घर में चोरी करने का भी आरोप लगाया गया है। इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित नीरज उर्फ कलुआ को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 

*चेन्नई में चाकू से हमला कर शिवाजीनगर के मजदूर की हत्या, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया – Doorbeen News*

चेन्नई में चाकू से हमला कर शिवाजीनगर के मजदूर की हत्या, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *