खुले में मांस और मछली की बिक्री को लेकर लगी रोक, कर वसूली बढ़ाने के लिए डोर-टू-डोर अभियान

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। शहर की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता, कर वसूली और कचरा प्रबंधन को लेकर नगर आयुक्त गौतम कुमार ने शनिवार को नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रभारी कर संग्रहक, टैक्स दरोगा, स्पैरो एजेंसी और शहरी सफाई एजेंसी के कर्मी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

नालों और सड़कों से हटेगा अतिक्रमण

नगर आयुक्त ने शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में नालों और सड़क मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया। ठेला संचालकों को व्यवस्थित करने के लिए कर संग्रहकों को ट्रैफिक वॉलंटियर्स के सहयोग से कार्रवाई करने को कहा गया। सड़क किनारे बांस, बल्लियों और प्लास्टिक शीट से बनाए गए अस्थायी शेड को भी तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया।

खुले में मांस और मछली की बिक्री को लेकर दुकानदारों को नियमों की जानकारी देने तथा दुकान के अंदर पर्दे से ढककर बिक्री करने के लिए प्रेरित करने को कहा गया। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्टेशन स्टैंड में खड़े होंगे ऑटो और ई-रिक्शा

समस्तीपुर रेलवे स्टेशन स्थित वाहन स्टैंड के समुचित उपयोग को लेकर भी नगर आयुक्त ने निर्देश दिए। उन्होंने ऑटो और ई-रिक्शा को निर्धारित स्टैंड में खड़ा कराने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्रवाई करने को कहा।

डोर-टू-डोर कर वसूली में आएगी तेजी

नगर निगम क्षेत्र में कर वसूली बढ़ाने के लिए डोर-टू-डोर कर संग्रहण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। नागरिकों को समय पर कर भुगतान के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से एलईडी डिस्प्ले बोर्ड, प्रचार वाहन और समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा गया।

रोज सुबह-शाम होगी शहर की सफाई

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर हुई विशेष बैठक में नगर आयुक्त ने शहर की मुख्य सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर रोजाना सुबह और शाम दो बार सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। घर-घर से गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रह सुनिश्चित करने के लिए सफाई एजेंसी को सख्त निर्देश दिए गए।

उन्होंने नालियों की नियमित सफाई, जलजमाव वाले स्थानों से पानी की निकासी तथा मच्छरों और बीमारियों से बचाव के लिए कीटनाशक एवं एंटी-लार्वा का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक के लिए चलेगा जागरूकता अभियान

बैठक में एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने और दुकानदारों को कपड़े के थैले के उपयोग के लिए जागरूक करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा डिवाइडर पर लगे प्रकाश और साइनेज बोर्ड को निर्धारित समय पर चालू और बंद करने का निर्देश संबंधित कर्मियों को दिया गया।

नगर आयुक्त गौतम कुमार ने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने शहरवासियों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और नगर निगम के स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की।

*खौलते चावल के माड़ से झुलसे ढाई साल के मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम – Doorbeen News*

खौलते चावल के माड़ से झुलसे ढाई साल के मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *