व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर, उजियारपुर, 3 सितंबर। नाजिरपुर में 27 अगस्त को बोलबम सेवा से लौट रहे युवाओं के साथ पुलिस की कथित कार्रवाई और उजियारपुर थाना कांड संख्या 323/026 दर्ज किए जाने के विरोध में भाकपा-माले ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नाजिरपुर हाट परिसर में उजियारपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह का पुतला दहन किया और प्रतिरोध सभा आयोजित की।
सभा को संबोधित करते हुए माले नेता फूलबाबू सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बोलबम सेवा से लौट रहे युवाओं के साथ बर्बरता की और इसके बाद निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को जेल भेज दिया गया। उन्होंने थानाध्यक्ष पर भ्रष्ट आचरण का आरोप लगाते हुए उन्हें बर्खास्त करने की मांग की।
15 दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो भूख-हड़ताल
किसान महासभा के जिला अध्यक्ष महावीर पोद्दार ने कहा कि उजियारपुर थाना में दर्ज कांड संख्या 323/026 और 297/026 को वापस नहीं लिया गया तो 15 दिनों के भीतर उजियारपुर थाना परिसर के सामने अनिश्चितकालीन भूख-हड़ताल शुरू कर प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और निर्दोष लोगों को राहत देने की मांग की।
नाबालिग से दुष्कर्म मामले में गिरफ्तारी की मांग
भाकपा-माले नेताओं ने दलसिंहसराय थाना में दर्ज कांड संख्या 417/026 के आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की भी मांग की। नेताओं ने कहा कि नाबालिग पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस को आरोपितों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रतिरोध सभा की अध्यक्षता प्रखंड कमेटी सदस्य हेमंत कुमार सिंह ने की। इस दौरान प्रखंड सचिव गंगा प्रसाद पासवान, छात्र नेता रोहित कुमार पासवान, आरवाईए प्रखंड सचिव राहुल राय, उपसरपंच रामप्रीत सिंह, अशोक कुमार सिंह, मनोज राम, राम सुरेश सिंह, सुन्देश्वर सिंह, रामबली सिंह, अर्जुन दास, मो. फरमान, बुलबुल दास, पप्पू यादव, विपिन कुमार राम, मो. सकूर, मणिमाला देवी, सविता देवी और प्रमिला देवी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


नोट: थानाध्यक्ष और पुलिस के खिलाफ लगाए गए आरोप भाकपा-माले नेताओं के बयान पर आधारित हैं।
*पूसा प्रखंड-अंचल कार्यालय का एसडीओ ने किया निरीक्षण – Doorbeen News*










