सहयोग शिविर में हुआ शिकायतों का निपटारा, सभी अधिकारी थे उपस्थित

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत मधुरापुर पंचायत के पंचायत सरकार भवन सभागार में मंगलवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत द्वितीय चरण के सहयोग शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर की अध्यक्षता रोसड़ा एसडीओ संदीप कुमार ने की, जबकि संचालन बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने किया। एसडीओ संदीप कुमार, रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा, बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह, सीओ अम्बपाली यादव, बीपीआरओ नाजिश प्रवीण, पंचायत के मुखिया भरत सिंह, सरपंच एवं पीओ बबलू कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के बाद पंचायत के मुखिया भरत सिंह एवं पंचायत सचिव प्रमोद कुमार राय ने सभी अतिथियों को पाग, चादर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद ग्रामीणों ने बारी बारी से अपनी समस्याएं पदाधिकारियों के समक्ष रखीं और विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन सौंपे। शिविर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग के माध्यम से समाधान की प्रक्रिया की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने अपने विभाग से संचालित योजनाओं, सेवाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने तथा किसी तरह की समस्या होने पर सहयोग शिविर में आवेदन देने की अपील की। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को प्रखंड का चक्कर लगाने से राहत देते हुए उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान उपलब्ध कराना है।

बताया गया कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है। प्रथम चरण में शिवाजीनगर प्रखंड की सभी 17 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किया जा चुका है। इसके बाद मंगलवार को मधुरापुर पंचायत से द्वितीय चरण का शुभारंभ किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि शिविर के माध्यम से आम लोगों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है तथा लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी एक ही स्थान पर मिल रही है।

शिविर में एमओ नूरजहां, बीईओ रामजन्म सिंह, बिजली विभाग के जेई आकाश वर्मा, जीविका बीपीएम सुजीत कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्ला, पशुपालक पदाधिकारी एसएस प्रसाद, श्रम परिवर्तन पदाधिकारी नीलू कुमारी, तकनीकी सहायक जेई दीप सागर, बाल विकास परियोजना के पदाधिकारी कर्मी सहित अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

*विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता पर विधायक ने दिया जोर, कक्षाओं में पहुंचकर छात्रों से ली जानकारी – Doorbeen News*

विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता पर विधायक ने दिया जोर, कक्षाओं में पहुंचकर छात्रों से ली जानकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *