शिक्षक भर्ती का नया विज्ञापन आएगा, आवेदन प्रक्रिया टली, TRE-4 में 32,388 पदों पर भर्ती के विज्ञापन में होगा बदलाव

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: पटना। बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण TRE-4 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को फिलहाल और इंतजार करना होगा। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने एक सितंबर से शुरू होने वाली आवेदन प्रक्रिया को स्थगित कर दिया है। आयोग ने सोमवार को विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी।

आयोग के अनुसार, शिक्षा विभाग की ओर से पहले 32,388 शिक्षक पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। अब विभाग की ओर से भर्ती से संबंधित संशोधन प्रस्ताव भेजा जाना है। इसी कारण वर्तमान विज्ञापन के आधार पर आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं करने का निर्णय लिया गया है।

नई रिक्तियों के साथ जारी होगा विज्ञापन

शिक्षा विभाग की ओर से नई रिक्तियों के साथ-साथ परीक्षा से संबंधित कुछ बदलावों का प्रस्ताव भेजे जाने की संभावना है। इसमें एकल परीक्षा आयोजित करने और निगेटिव मार्किंग हटाने से संबंधित प्रस्ताव भी शामिल है। विभाग से संशोधित प्रस्ताव मिलने के बाद आयोग नया विज्ञापन जारी करेगा।

आयोग के मुताबिक नए विज्ञापन में पदों की संख्या और परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव हो सकता है। इसके लिए अभ्यर्थियों को नया विज्ञापन जारी होने का इंतजार करना होगा।

सितंबर में नहीं भरेंगे आवेदन

TRE-4 के लिए पहले 1 से 29 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन की तिथि निर्धारित की गई थी। आवेदन प्रक्रिया स्थगित होने के बाद अब यह समय-सारिणी लागू नहीं होगी। संशोधित विज्ञापन जारी होने के बाद ही आवेदन की नई तिथियां घोषित की जाएंगी।

बताया जा रहा है कि नया विज्ञापन जारी होने में कम से कम एक सप्ताह का समय लग सकता है। ऐसे में आवेदन प्रक्रिया अब सितंबर के बजाय अक्टूबर तक खिसकने की संभावना है।

परीक्षा भी आगे बढ़ सकती है

पहले TRE-4 परीक्षा दिसंबर से जनवरी के बीच प्रस्तावित थी। आवेदन प्रक्रिया में देरी और पदों व परीक्षा पैटर्न में संभावित बदलाव के कारण परीक्षा कार्यक्रम भी प्रभावित हो सकता है। अब परीक्षा फरवरी के आसपास होने की संभावना जताई जा रही है।

आयोग के अनुसार, आवेदन की संख्या सामने आने के बाद यह तय किया जाएगा कि शिक्षक भर्ती परीक्षा एक चरण में होगी या अलग-अलग चरणों में। TRE-4 में करीब तीन से चार लाख अभ्यर्थियों के आवेदन आने का अनुमान लगाया जा रहा है। (साभार एचएच)

*छत पर सोलर पैनल लगाकर उपभोक्ता बन सकेंगे बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर – Doorbeen News*

छत पर सोलर पैनल लगाकर उपभोक्ता बन सकेंगे बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *