व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के माननीय कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी ने शनिवार, 29 अगस्त, 2026 को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 ओरिएंटेशन एवं सेंसिटाइजेशन कार्यक्रम के आधिकारिक फ्लायर का विमोचन किया। यह कार्यक्रम केन्द्रीय विश्वविद्यालय दक्षिण बिहार, गया जी के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केन्द्र (MMTTC) तथा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में 8 से 16 सितंबर, 2026 तक ऑनलाइन माध्यम (गूगल मीट) पर आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर कुलपति प्रो संजय कुमार चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 भारतीय उच्च शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक परिवर्तन का आधार है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं शोधार्थियों की सक्रिय भागीदारी इस कार्यक्रम को सफल बनाएगी तथा शिक्षण, अनुसंधान और शैक्षणिक नेतृत्व के नए आयाम स्थापित करेगी।


कार्यक्रम के फ्लायर विमोचन अवसर पर आईक्यूएसी निदेशक डॉ एम. ज्या हैदर, एनईपी समन्वयक डॉ संकेत कुमार झा, अमृत कुमार झा, डॉ अतानु बनर्जी, विश्वविद्यालय के अधिकारीगण एवं अन्य शिक्षाविद् उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों ने इस संयुक्त पहल को उच्च शिक्षा संस्थानों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कुलपति प्रो संजय कुमार चौधरी के दूरदर्शी एवं सक्षम नेतृत्व में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय शैक्षणिक गुणवत्ता, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, अनुसंधान संस्कृति तथा संस्थागत विकास के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियाँ अर्जित कर रहा है। विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा में नवाचार, बहुविषयक शिक्षा और शिक्षक क्षमता निर्माण को प्राथमिकता देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित करने की दिशा में उल्लेखनीय कदम बढ़ा रहा है। यह कार्यक्रम भी उसी दूरदृष्टि का एक महत्वपूर्ण प्रतिफल माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ने इसी प्रकार का राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 ओरिएंटेशन एवं सेंसिटाइजेशन कार्यक्रम गत वर्ष भी 30 मई, 2025 से 7 जून, 2025 तक सफलतापूर्वक आयोजित किया था। उस कार्यक्रम को शिक्षकों एवं शोधार्थियों की व्यापक भागीदारी तथा भरपूर सराहना प्राप्त हुई थी। उसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष पुनः इस महत्त्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जो विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और गुणवत्ता संवर्धन के प्रति उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


आठ दिवसीय ऑनलाइन संकाय विकास कार्यक्रम यह आठ कार्य दिवसों का ऑनलाइन फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम होगा, जिसमें रविवार को अवकाश रहेगा। प्रतिदिन दो शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
• प्रथम सत्र – प्रातः 10:00 बजे से 11:30 बजे तक
• द्वितीय सत्र- 11:45 बजे से 1:15 बजे तक
• माध्यम- गूगल मीट
यह कार्यक्रम उच्च शिक्षा संस्थानों के सभी विषयों के शिक्षक, पुस्तकालयाध्यक्ष, शोधार्थी तथा रिसर्च असिस्टेंट के लिए निःशुल्क रखा गया है।
कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्य
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 की मूल भावना को व्यावहारिक रूप से समझना तथा शिक्षकों को समकालीन शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप सशक्त बनाना है। प्रमुख उद्देश्यों में शामिल हैं:
• भारत-केन्द्रित शिक्षा एवं मानवीय मूल्यों का संवर्धन।
• भारतीय ज्ञान-परंपरा को शिक्षण एवं अनुसंधान से जोड़ना।
• बहुविषयक एवं अंतर्विषयक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना।
• आलोचनात्मक चिंतन एवं समस्या समाधान क्षमता का विकास।
• नवाचार एवं उद्यमिता के माध्यम से स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक चुनौतियों के समाधान की दिशा में शिक्षकों को तैयार करना।


चर्चा के प्रमुख विषय
कार्यक्रम के दौरान निम्नलिखित विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान एवं संवाद आयोजित किए जाएंगे-
• समग्र एवं बहुविषयक शिक्षा
• भारतीय ज्ञान प्रणाली
• अकादमिक नेतृत्व, सुशासन एवं प्रबंधन
• उच्च शिक्षा एवं समाज
• अनुसंधान एवं विकास
• कौशल विकास
• समावेशी शिक्षा
• सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी
• संस्थागत एवं छात्र-केंद्रित नवाचार
• पाठ्यक्रम विकास, शिक्षाशास्त्र एवं मूल्यांकन
पंजीकरण एवं प्रमाणपत्र
प्रतिभागियों को एमएमटीटीसी पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा तथा प्रशिक्षण केंद्र के रूप में Central University of South Bihar, Gaya का चयन करना होगा।
• पंजीकरण शुल्क: पूर्णतः निःशुल्क
• अंतिम तिथि: 7 सितंबर, 2026
• पुष्टिकरण की अंतिम समय सीमा- शाम 5:00 बजे
कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता एवं ऑनलाइन मूल्यांकन पूरा करने वाले प्रतिभागियों को ई-प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। यह कार्यक्रम कैरियर एडवांसमेंट स्कीम (CAS) के अंतर्गत भी मान्य होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी शिक्षकों, पुस्तकालयाध्यक्षों, शोधार्थियों एवं उच्च शिक्षा संस्थानों के शैक्षणिक समुदाय से इस महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

*15 साल का हुआ बीएड (नियमित), स्थापना दिवस पर पौधारोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रम – Doorbeen News*
15 साल का हुआ बीएड (नियमित), स्थापना दिवस पर पौधारोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रम





