प्रेम, आस्था और विश्वास के रंग में रंगा रक्षाबंधन, भाइयों की कलाई पर सजा रक्षा सूत्र

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर में हर्षोल्लास पूर्वक रक्षा बंधन का पर्व मनाया गया। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह, विश्वास और पवित्र रिश्ते का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को संपूर्ण जिले में मनाया गया।  शहर से लेकर गांव तक पर्व मनाया गया। सभी जगह भाई की कलाई पर रंग बिरंगी राखी सजाया गया था। बहनों ने आज सुबह से ही थाली में रंग बिरंगी राखी सजा कर भाइयों के लिए सजया गया था।

इधर, शिवाजीनगर प्रखंड क्षेत्र में पूरे हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। बंधार, परशुराम, बल्लीपुर, बाघोपुर, करियन, रानीपरती, दसौत, बेला, चित्तौड़ा, डुमरा मोहन, भटौरा, राजौर रामभद्रपुर, रहटौली, मधुरापुर, परसा, लक्ष्मीनिया, कांकर, जाखर, बिशनपुर, दहियार, रन्ना सहित प्रखंड के विभिन्न गांवों में सुबह से ही पर्व को लेकर उत्साह का माहौल रहा। घर-घर में बहनों ने पूजा की तैयारी कर भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना की।

सुबह से ही घरों में रक्षाबंधन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बहनों ने पूजा की थाली को रोली, कुमकुम, अक्षत, दीपक, मिठाई और रंग-बिरंगी राखियों से सजाया। शुभ मुहूर्त में बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और उनकी कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद भाइयों को मिठाई खिलाकर मंगलकामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार एवं दक्षिणा भेंट कर उनके प्रति स्नेह व्यक्त किया तथा हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने और उनकी सुरक्षा, सम्मान एवं सुख-समृद्धि का संकल्प लिया।

कई परिवारों में छोटे बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक एक-दूसरे को राखी बांधी, जिससे पर्व का उल्लास और बढ़ गया।

रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही। प्रखंड क्षेत्र के बंधार चौक, बाघोपुर बाजार, गलगल चौक, करियन एवं शिवाजीनगर सहित अन्य बाजारों में राखी और मिठाई की दुकानों पर दिनभर लोगों की भीड़ देखने को मिली। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न डिजाइन और रंगों की राखियां सजाकर रखी थीं।

बच्चों के लिए कार्टून, खिलौने और आकर्षक डिजाइन वाली राखियां विशेष पसंद बनी रहीं। वहीं मिठाई की दुकानों पर भी विभिन्न प्रकार की मिठाइयां तैयार की गई थीं। पर्व को लेकर बाजार में खरीदारी करने वालों की आवाजाही शाम तक बनी रही।
दूर रहने वाले भाई-बहनों ने भी पर्व मनाने के लिए अपने घर पहुंचने का प्रयास किया। सुबह से ही प्रखंड क्षेत्र की सड़कों पर बाइक, ऑटो, बस, कार और अन्य वाहनों से आवाजाही बढ़ी रही।

कई बहनें अपने मायके या भाइयों के घर पहुंचीं तो कई भाई भी अपनी बहनों के घर जाकर राखी बंधवाने पहुंचे। इस दौरान लंबे समय बाद भाई-बहनों के मिलने से परिवारों में भावुकता और खुशी का माहौल देखने को मिला। भागदौड़ भरी आधुनिक जिंदगी के बावजूद रक्षाबंधन के प्रति लोगों की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।

कल्याणी कुमारी, अनुपम कुमारी, रेणुका कुमारी, सुधा कुमारी, हसमुख कुमारी, राधा कुमारी, पूजा कुमारी, कृति ठाकुर, इशिका मिश्रा, अनुष्का मिश्रा, ऋषिका मिश्रा, अभय मिश्रा, शिवांगी मिश्रा, तृषा मिश्रा और हर्षिता कुमारी सहित अन्य बहनों ने बताया कि रक्षाबंधन भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत करने वाला अनूठा पर्व है।

राखी बांधने के बाद मिठाई खिलाने और आरती करने की परंपरा को आज भी पूरे उत्साह के साथ निभाया जाता है। उन्होंने कहा कि समय भले ही बदल गया हो, लेकिन भाई-बहन के प्रेम और विश्वास से जुड़ी यह परंपरा आज भी उतनी ही जीवंत है।

पर्व के दौरान कई स्थानों पर भाई-बहनों ने पारंपरिक गीत भी गाए। वहीं कुछ परिवारों में बच्चों ने विशेष उत्साह के साथ राखी बांधी। रक्षाबंधन ने केवल परिवारों को एक साथ नहीं जोड़ा, बल्कि रिश्तों में स्नेह और अपनत्व की मिठास भी घोली। लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

रक्षाबंधन पर प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की अनूठी तस्वीर भी देखने को मिली। कई बहनों ने पेड़ों को राखी बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाई बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी तरह पेड़ भी जीवन और पर्यावरण की रक्षा करते हैं। पेड़ों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा, संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया।

रक्षाबंधन के मौके पर शिवाजीनगर प्रखंड में पूरे दिन उत्सव जैसा माहौल बना रहा। घरों में पूजा-अर्चना, राखी बांधने और मिठाई खिलाने का सिलसिला चलता रहा। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को समर्पित यह पर्व लोगों को प्रेम, विश्वास, जिम्मेदारी और आपसी स्नेह का संदेश देता नजर आया। सदियों पुरानी यह परंपरा आधुनिक दौर में भी उसी आत्मीयता और उल्लास के साथ जीवंत दिखाई दी।

*समस्तीपुर में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का प्रीमियर ब्रांच हुआ उद्घाटन – Doorbeen News*

समस्तीपुर में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का प्रीमियर ब्रांच हुआ उद्घाटन

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *