किशोरी मौत मामले में शिक्षक निलंबित, निजी कोचिंग और छात्रा के शोषण का आरोप

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के सरायरंजन प्रखंड के अख्तियारपुर गांव में रविवार शाम 16 वर्षीय किशोरी  की मौत के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मोरबा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय बानदे उर्दू के विद्यालय अध्यापक संजय कुमार झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया है। निलंबन अवधि में शिक्षक का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, बिथान निर्धारित किया गया है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से शिक्षक संजय कुमार झा के संबंध में जानकारी प्राप्त हुई थी। इसमें सरकारी शिक्षक रहते हुए विभागीय नियमों के विपरीत निजी कोचिंग का संचालन करने तथा कोचिंग में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ कथित शारीरिक शोषण किए जाने की बात सामने आई थी। पत्र में कहा गया है कि इसी कारण संबंधित छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात भी सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आई।

पत्र के अनुसार, इस मामले में संबंधित शिक्षक से पूर्व में स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन उनके द्वारा कोई जवाब उपलब्ध नहीं कराया गया। विभाग ने निजी कोचिंग संचालन और छात्रा के साथ कथित शोषण के आरोपों को सरकारी सेवक के लिए निर्धारित आचरण के विपरीत बताया है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी के पत्र में कहा गया है कि सरकारी शिक्षक द्वारा निजी कोचिंग का संचालन करना तथा उसमें पढ़ने वाली छात्रा के साथ कथित शारीरिक शोषण का आरोप गंभीर प्रकृति का है। इसे अनुशासनहीनता, कर्तव्यहीनता एवं सरकारी शिक्षक के लिए निर्धारित आचरण के प्रतिकूल माना गया है।

विभाग ने शिक्षक के कथित कृत्य को बिहार विद्यालय अध्यापक नियमावली, 2023 (यथासंशोधित) एवं बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1976 में निर्धारित प्रावधानों के विपरीत बताया है।
उपरोक्त तथ्यों के आलोक में शिक्षक संजय कुमार झा को बिहार राज्य विद्यालय अध्यापक अनुशासनिक कार्रवाई नियमावली, 2023 (यथासंशोधित) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। साथ ही उन्हें अनुशासनिक कार्रवाई के अधीन कर दिया गया है।

इधर, किशोरी की मौत के मामले में पुलिस स्तर से भी जांच की जा रही है। शिक्षा विभाग की कार्रवाई सामने आने के बाद मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

*सांसद पप्पू यादव ने NHAI को सौंपा आवेदन, KSR कॉलेज एवं प्रभावित परिवारों को बचाने के लिए वैकल्पिक अलाइनमेंट की मांग – Doorbeen News*

सांसद पप्पू यादव ने NHAI को सौंपा आवेदन, KSR कॉलेज एवं प्रभावित परिवारों को बचाने के लिए वैकल्पिक अलाइनमेंट की मांग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *