व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। रोसड़ा अनुमंडल में गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब भूमि सुधार उपसमाहर्ता (DCLR) कंचन कुमारी झा के सरकारी आवास पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम पहुंची। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई के बाद अनुमंडल परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, निगरानी विभाग की टीम करीब सुबह 8:30 बजे दो वाहनों से DCLR के सरकारी आवास पर पहुंची। टीम के सदस्य सीधे आवास के अंदर दाखिल हुए और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान आवास के आसपास सुरक्षा एवं गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया।
करीब दो घंटे तक चली जांच
बताया जा रहा है कि निगरानी ब्यूरो की टीम करीब दो घंटे तक DCLR आवास के अंदर रही। इस दौरान दस्तावेजों एवं अन्य बिंदुओं की जांच किए जाने की बात सामने आ रही है। कार्रवाई के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति अथवा कर्मी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
छापेमारी के समय DCLR कंचन कुमारी झा अपने सरकारी आवास में मौजूद थीं।
पुलिस भी पहुंची मौके पर
निगरानी टीम की कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद रोसड़ा थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के बाद अनुमंडल परिसर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा और तेज हो गई।
आधिकारिक तौर पर कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की ओर से छापेमारी के कारण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में कार्रवाई किस मामले से संबंधित है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
हालांकि, स्थानीय स्तर पर आय से अधिक संपत्ति या किसी शिकायत से जुड़े मामले की चर्चा की जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आवास से जांच के दौरान क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री बरामद हुई है, इसकी जानकारी भी फिलहाल सामने नहीं आई है।
निगरानी ब्यूरो की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही छापेमारी के वास्तविक कारण और कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


*महंगाई के खिलाफ खेग्रामस का प्रतिवाद मार्च, प्रधानमंत्री का पुतला दहन – Doorbeen News*
महंगाई के खिलाफ खेग्रामस का प्रतिवाद मार्च, प्रधानमंत्री का पुतला दहन










