गंडक में फ्लैश फ्लड की आशंका से बिहार अलर्ट, NDRF- SDRF की होगी अग्रिम तैनाती

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: पटना, 26 अगस्त। नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति बनने और गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की आशंका को देखते हुए बिहार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संभावित स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने गंडक से जुड़े जिलों में बचाव और राहत की तैयारियां तेज कर दी हैं।

प्राप्त सूचनाओं के अनुसार गंडक नदी में करीब 3 मीटर तक ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की संभावना जताई गई है। इसके मद्देनजर प्रशासन को अलर्ट मोड में रखा गया है।

मुख्य सचिव ने की उच्चस्तरीय समीक्षा

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में बुधवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और वरीय पुलिस पदाधिकारी/एसपी बैठक में शामिल हुए।

बैठक में संभावित स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और बचाव एवं राहत से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया गया।

गंडक से जुड़े जिलों में विशेष निगरानी

संभावित बढ़े जलप्रवाह को देखते हुए पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। इसके अलावा सीतामढ़ी, शिवहर समेत अन्य संवेदनशील जिलों में भी लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारियों को नदी के जलस्तर, तटबंध, निचले इलाकों, पुल-पुलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।

गंडक बैराज के गेट और नहरों पर नजर

जल संसाधन विभाग को गंडक बैराज के सभी गेट और उससे जुड़ी नहरों में पानी के सुरक्षित एवं प्रभावी प्रबंधन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं को तटबंधों तथा जल संसाधन से जुड़ी संरचनाओं की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।

गोपालगंज में NDRF टीम भेजने का निर्देश

संभावित आपदा से निपटने के लिए NDRF और SDRF के अतिरिक्त संसाधनों की अग्रिम तैनाती की जा रही है।

गोपालगंज के लिए एक NDRF टीम भेजने का निर्देश दिया गया है, जबकि एक टीम को मुजफ्फरपुर में स्टैंडबाय रखा जाएगा। बेतिया में भी NDRF टीम की मूवमेंट/तैनाती करीब दो घंटे के भीतर सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जा रही है।

SSB DIG की ओर से भी आवश्यकता पड़ने पर QRT और अन्य सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।

नाव और सुरक्षित आश्रय स्थलों की तैयारी

संभावित प्रभावित आबादी को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित जिलों को Evacuation Plan तैयार रखने का निर्देश दिया गया है।

पर्याप्त संख्या में नाव, सामुदायिक रसोई और शेल्टर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके।

प्रशासन की अपील- घबराएं नहीं, सतर्क रहें

राज्य सरकार ने लोगों से घबराने या पैनिक करने की अपील नहीं की है। प्रशासन ने कहा है कि सभी आवश्यक संसाधन और बचाव दल अग्रिम रूप से तैयार किए जा रहे हैं।

लोगों से प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं और निर्देशों का पालन करने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

सोशल मीडिया पर रहेगी नजर

अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए सभी जिलाधिकारियों को प्रतिदिन मीडिया ब्रीफिंग करने और सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।

प्रशासन ने लोगों से केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

सभी विभाग अलर्ट मोड में

जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन, जल संसाधन विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण और निगरानी करने को कहा गया है।

राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त NDRF/SDRF टीम, नाव, QRT और अन्य संसाधनों की तत्काल तैनाती की जाएगी।

सरकार का संदेश स्पष्ट है—घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन सतर्क और तैयार रहना जरूरी है। संभावित बाढ़ की स्थिति में जनहानि रोकने, समय पर चेतावनी देने, त्वरित निकासी और प्रभावी बचाव-राहत कार्य के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

*किसानों के समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व केन्द्र के एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संकल्पित रुप से लगातार तत्पर -राम सुमिरन सिंह – Doorbeen News*

किसानों के समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व केन्द्र के एनडीए सरकार और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संकल्पित रुप से लगातार तत्पर -राम सुमिरन सिंह

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *