व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर। थाना क्षेत्र की रहियार दक्षिण पंचायत के कांकर गांव वार्ड-9 निवासी पूर्व पंचायत समिति सदस्य सह पूर्व मुखिया प्रदीप कुमार महतो (58) की सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार शाम रोसड़ा थाना क्षेत्र के छावनी मुरली और छर्रापट्टी के बीच दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। निजी क्लीनिक ले जाने के दौरान चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना सोमवार सुबह शिवाजीनगर पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने मृतक के घर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया।
अमानत का काम निपटाकर लौट रहे थे घर
परिजनों के अनुसार, प्रदीप कुमार महतो रविवार शाम अमानत का काम निपटाने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छर्रापट्टी के समीप एक मोड़ पर सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। दुर्घटना में वह सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।


बताया गया कि हादसे के दौरान हेलमेट में गर्दन फंस जाने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने पर छावनी स्थित उनके ससुराल के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्हें तत्काल रोसड़ा के एक निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
टक्कर मारने वाले बाइक सवार मौके से निकले
स्थानीय लोगों के अनुसार, दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे। दुर्घटना के बाद दोनों बाइक लेकर वहां से चले गए। बताया गया कि उन्हें भी हल्की चोटें आई थीं और उन्होंने निजी क्लीनिक में इलाज कराया।
हालांकि, उनके मौके से चले जाने के बाद घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। हादसे का स्थान रोसड़ा थाना क्षेत्र में होने के कारण आगे की कार्रवाई संबंधित थाना पुलिस द्वारा की जाएगी।


पंचायत की राजनीति में रही सक्रिय भूमिका
प्रदीप कुमार महतो लंबे समय तक पंचायत की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे। वह 2006 से 2011 तक पंचायत समिति सदस्य रहे। इसके बाद 2016 से 2021 तक पंचायत के मुखिया की जिम्मेदारी संभाली। पंचायत प्रतिनिधि के रूप में उनके कार्यकाल के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी।
उनके निधन की खबर फैलते ही रहियार दक्षिण पंचायत सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचने लगे।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक की पत्नी बबीता देवी आंगनबाड़ी सेविका हैं। उनके परिवार में पुत्र रोशन कुमार, प्रगति कुमार तथा पुत्रियां कोमल कुमारी और काजल कुमारी हैं। अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शिवाजीनगर थाने के अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार और एएसआई शैलेश कुमार पुलिस टीम के साथ मृतक के घर पहुंचे और आवश्यक जानकारी ली। शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना का घटनास्थल रोसड़ा थाना क्षेत्र में पड़ता है।

जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने जताया शोक
घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत के मुखिया अशर्फी सहनी, धर्मेंद्र मंडल, नटवर कुमार राय, दुखा मुखिया, विनोद पासवान, संजीव पासवान, सरिता कुमारी, रिंकू देवी, राजकुमारी देवी, विभा कुमारी, चंदन कुमारी, प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार, समाजसेवी संजय साहनी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके आवास पर पहुंचे।
सभी ने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की अपील की। पूर्व मुखिया के निधन से पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में गहरा शोक है।

*सावन की अंतिम सोमवारी पर थानेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 4 लाख कांवरियों ने किया जलाभिषेक – Doorbeen News*
सावन की अंतिम सोमवारी पर थानेश्वर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, 4 लाख कांवरियों ने किया जलाभिषेक





