व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर, 22 अगस्त। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की वित्तीय बाजार एवं निवेशक जागरूकता समिति तथा दरभंगा शाखा के तत्वावधान में ‘वित्तीय ज्ञान मेला सप्ताह 2026’ के तहत शनिवार को उत्सव पैलेस, बाइपास रोड, समस्तीपुर में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, विशिष्ट अतिथि विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार सहित जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, मंडल रेल प्रबंधक ज्योती प्रकाश मिश्र, पुलिस अधीक्षक अरबिंद प्रताप सिंह एवं साइबर डीएसपी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, व्यापारी, शिक्षक, पेशेवर, विद्यार्थी एवं परिवारों को वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन, कर संबंधी जानकारी तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि देश का हर वर्ग यदि वित्तीय रूप से जागरूक और सुरक्षित होगा, तभी विकसित भारत @2047 का सपना साकार होगा।
विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार ने कहा कि वित्तीय ज्ञान अब केवल व्यापारियों या विशेषज्ञों तक सीमित विषय नहीं है। सही वित्तीय निर्णय परिवार की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करते हैं और जागरूक नागरिक सुरक्षित एवं समृद्ध समाज की नींव रखते हैं।


तकनीकी सत्र में साइबर सुरक्षा, डिजिटल फ्रॉड, स्मार्ट बचत एवं बजट प्रबंधन, बीमा व म्यूचुअल फंड, आयकर-जीएसटी, पेंशन योजना, व्यवसायिक वित्तीय योजना और एमएसएमई संबंधी विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी एवं पुरस्कार वितरण भी हुआ। अध्यक्ष सीए गिरधारी लाल अग्रवाल ने वित्तीय जागरूकता को सामाजिक सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

*माता राम कुमारी देवी की स्मृति में 15 वर्षों से आयोजित हो रहा कांवरिया सेवा शिविर – Doorbeen News*
माता राम कुमारी देवी की स्मृति में 15 वर्षों से आयोजित हो रहा कांवरिया सेवा शिविर







