व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर, 21 अगस्त। सरायरंजन के KSR कॉलेज को प्रस्तावित पटना–पूर्णिया एक्सप्रेसवे के रूट से बचाने और समस्तीपुर जिले में कोचिंग एक्ट लागू कराने की मांग को लेकर NSUI का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन के दूसरे दिन हिमांशु शेखर और गुंजन चौधरी भी अनशन में शामिल हो गए। इसके साथ ही भूख हड़ताल पर बैठे लोगों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।
कुणाल कुमार ने नए अनशनकारियों को बैठाया
सरायरंजन के युवा नेता कुणाल कुमार धरना स्थल पर पहुंचे और दोनों नए अनशनकारियों को सिर पर गमछा बांधकर एवं पुष्पमाला पहनाकर अनशन पर बैठाया। कुणाल कुमार इस मुद्दे को लेकर सरायरंजन से पटना तक पदयात्रा भी कर चुके हैं।
उन्होंने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि KSR कॉलेज और छात्रहित से जुड़े इस मुद्दे पर वे आंदोलनकारियों के साथ लगातार खड़े रहेंगे।
अब 6 लोग भूख हड़ताल पर
दो नए साथियों के शामिल होने के बाद NSUI की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल में अब राजन कुमार वर्मा, ललन यादव, विवेक विराट, हिमांशु शेखर, सचिन उर्फ गोलू और गुंजन चौधरी उर्फ भोला शामिल हैं।
NSUI नेताओं का कहना है कि जब तक KSR कॉलेज को एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित रूट से सुरक्षित रखने और जिले में कोचिंग एक्ट लागू करने की दिशा में ठोस पहल नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
सरायरंजन से मिल रहा समर्थन
आंदोलन को सरायरंजन क्षेत्र से भी लगातार समर्थन मिलने का दावा किया गया है। छात्र, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक धरना स्थल पर पहुंचकर अनशनकारियों का समर्थन कर रहे हैं।
कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुशवाहा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महासचिव मुकेश कुमार चौधरी भी धरना स्थल पर पहुंचे। इसके अलावा NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव अंसू, जिला उपाध्यक्ष भोलेश्वर राम, सनातनी कुमार बालाजी, डॉ. एनके आनंद, जिला सचिव भरत कुमार, कल्याणपुर NSUI के इतर कुमार, जिला सचिव राजीव कुमार राम सहित कई छात्र एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आजाद समाज पार्टी (भीम आर्मी) के पूर्व जिला अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार, पंच संघ के जिला अध्यक्ष रवि कुमार और सरायरंजन के प्रभास कुमार ईश्वर ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।
धरना स्थल पर सुविधाओं की मांग
भूख हड़ताल स्थल पर प्रशासन की ओर से नियुक्त मजिस्ट्रेट ने आंदोलनकारियों से मुलाकात कर आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली और ज्ञापन प्राप्त किया।
NSUI ने धरना स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, मोबाइल टॉयलेट, स्वच्छ पेयजल और अनशनकारियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सकीय टीम उपलब्ध कराने की मांग की है। संगठन के अनुसार, प्रशासनिक पदाधिकारी आंदोलनकारियों के संपर्क में हैं और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर समन्वय किया जा रहा है।
राजन कुमार बोले- यह हजारों छात्रों के भविष्य की लड़ाई
NSUI जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कहा कि यह केवल संगठन का आंदोलन नहीं, बल्कि KSR कॉलेज में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों और सरायरंजन के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।
उन्होंने कहा कि संगठन का आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चल रहा है। KSR कॉलेज को एक्सप्रेसवे के रूट से बचाने और जिले में कोचिंग एक्ट लागू करने की मांग पर ठोस पहल होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।
NSUI ने KSR कॉलेज के विद्यार्थियों, सरायरंजन के छात्र-नौजवानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है।


*खगड़िया स्टेशन की आउटसाइड पार्किंग ई-नीलामी से आवंटित, रेलवे को 3 साल में मिलेगा ₹1.66 करोड़ राजस्व – Doorbeen News*
खगड़िया स्टेशन की आउटसाइड पार्किंग ई-नीलामी से आवंटित, रेलवे को 3 साल में मिलेगा ₹1.66 करोड़ राजस्व










