किराना दुकान से 800 ग्राम गांजा बरामद, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपित फरार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर थाना अंतर्गत रहियार दक्षिण पंचायत के लक्ष्मीनियां चौक के समीप मंगलवार की रात पुलिस ने एक किराना दुकान में छापेमारी कर 800 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दुकानदार अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने आरोपित दुकानदार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ के कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।

थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लक्ष्मीनियां चौक के समीप एक किराना दुकान की आड़ में चोरी-छिपे मादक पदार्थ की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मंगलवार की रात दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से 800 ग्राम गांजा बरामद किया गया। हालांकि पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही दुकानदार अंधेरे का लाभ उठाकर वहां से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान लक्ष्मीनियां गांव निवासी सूर्य नारायण चौधरी के पुत्र मंटून चौधरी के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान दुकान की तलाशी लेने से पूर्व वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद रोसड़ा एसडीओ को मामले की जानकारी दी गई, जिसके निर्देश पर तलाशी की कार्रवाई के लिए दंडाधिकारी के रूप में बीएओ सतीश कुमार को प्रतिनियुक्त किया गया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में दुकान की तलाशी ली गई, जिसमें गांजा बरामद हुआ।

छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, एएसआई शैलेश कुमार, बीएओ सह प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सतीश कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री की शिकायतें समय समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में किराना दुकान की आड़ में गांजा बरामद होने की कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थ के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

*NH-28 पर पेड़ से टकराया बिस्किट लदा ट्रक, चालक फरार; पुलिस पहुंची तो कार्टन ले जाने की मची होड़ – Doorbeen News*

NH-28 पर पेड़ से टकराया बिस्किट लदा ट्रक, चालक फरार; पुलिस पहुंची तो कार्टन ले जाने की मची होड़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *