व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के शिवाजीनगर मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत सभी विद्यालयों में अगस्त माह के दूसरे शनिवार को सुरक्षित शनिवार एवं बैगलेस डे का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को पेयजल की अशुद्धता से होने वाले खतरे एवं इसके उपाय विषय पर विशेष रूप से जागरूक किया गया। बारिश के मौसम में पेयजल स्रोतों के आसपास जलजमाव और गंदगी के कारण पानी दूषित होने की आशंका को देखते हुए बच्चों को स्वच्छ एवं दूषित पेयजल के बीच अंतर समझाया गया।
साथ ही दूषित पानी के सेवन से होने वाली बीमारियों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि दूषित पेयजल के सेवन से डायरिया समेत कई जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। विशेषकर बरसात के दिनों में चापाकल, कुआं एवं अन्य पेयजल स्रोतों के आसपास गंदा पानी जमा होने से पेयजल दूषित हो सकता है। ऐसे में पेयजल की स्वच्छता को लेकर विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।


बच्चों को बताया गया कि पानी को हमेशा ढककर रखना चाहिए और पीने से पहले उसकी शुद्धता सुनिश्चित करनी चाहिए। सुरक्षित शनिवार के तहत विद्यार्थियों को पानी को शुद्ध करने की विभिन्न विधियों की जानकारी दी गई। स्वच्छ पेयजल का महत्व, दूषित पानी से होने वाली बीमारियां, सही तरीके से हाथ धोने की आदत, विद्यालय में लगे जल स्रोतों का निरीक्षण, आसपास साफ सफाई बनाए रखने तथा जल संरक्षण के महत्व को गतिविधियों के माध्यम से समझाया गया। बच्चों को यह भी बताया गया कि पेयजल स्रोतों के आसपास गंदगी या जलजमाव दिखाई देने पर तत्काल शिक्षकों और संबंधित लोगों को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
कार्यक्रम में आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक उपायों की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को ओआरएस का घोल तैयार करने की विधि व्यावहारिक रूप से समझाई गई। शिक्षकों ने बताया कि किसी आपात स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहकर त्वरित एवं सही कदम उठाना चाहिए। बच्चों को ‘क्या करें और क्या न करें’ के माध्यम से सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक किया गया। बैगलेस डे के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए रोल प्ले, स्ट्रीट शो, मूक अभिनय और एंकरिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं।


इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल, टीमवर्क और सामाजिक जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सुरक्षा से संबंधित संदेश प्रस्तुत किए।
अभियान में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, प्रधान शिक्षकों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूर्व बीआरपी सह प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह, मो. अब्दुल्लाह, सत्यनारायण आर्य, अरुण पासवान, सुभाष सिंह, संतोष कुमार, नीलू कुमारी, रामनाथ पंडित, हीरानंद झा, अवधेश चौधरी, प्रवीण कुमार, प्रकाश कुमार, मोहम्मद जैनुद्दीन, संजीत कुमार, जहाआरा, प्रवीण, सरिता कुमारी, अजय कुमार राय, शांति भूषण, उमेश प्रसाद राय, प्रदीप कुमार, प्रमोद पासवान, पिंकी कुमारी, कोमल कुमारी, नंदन कुमारी, हेमंत कुमार एवं देवानंद कामत सहित अन्य प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षकों के नेतृत्व में विद्यालयों में सुरक्षित शनिवार का आयोजन किया गया।

शिक्षकों ने बच्चों को वास्तविक जीवन से जुड़ी घटनाओं के उदाहरण देकर अशुद्ध पेयजल से होने वाले खतरों के प्रति सतर्क रहने की प्रेरणा दी। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ पानी केवल स्वास्थ्य के लिए जरूरी नहीं है, बल्कि परिवार और समाज को जलजनित बीमारियों से सुरक्षित रखने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यालयों में आयोजित सुरक्षित शनिवार का यह अभियान बच्चों को जागरूक, सतर्क और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।
शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों का नियमित आयोजन होने से विद्यार्थियों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, जल संरक्षण और सुरक्षित व्यवहार की आदत विकसित होगी। साथ ही बच्चे स्वयं सुरक्षित रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी दूषित पेयजल से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक कर सकेंगे।

*स्वतंत्रता दिवस की तैयारी को लेकर कलवारा विद्यालय में क्विज प्रतियोगिता, छह टीमों ने लिया हिस्सा – Doorbeen News*
स्वतंत्रता दिवस की तैयारी को लेकर कलवारा विद्यालय में क्विज प्रतियोगिता, छह टीमों ने लिया हिस्सा






