व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। आगजनी की घटनाओं के दौरान अस्पतालों में मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को समस्तीपुर शहर के विभिन्न नर्सिंग होम एवं अस्पतालों में अग्निशमन विभाग की ओर से मॉक ड्रिल और जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अस्पताल कर्मियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य करने के तरीके बताए गए।
मॉक ड्रिल का नेतृत्व अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी ज्योति कुमारी ने किया। अभियान में प्रधान अग्निशामक बिजेंद्र कुमार सहित अन्य अग्निशमन कर्मियों ने हिस्सा लिया। टीम ने अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का जायजा लेने के साथ कर्मचारियों को आग से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी।
सुशीला हॉस्पिटल में हुआ विशेष मॉक ड्रिल
इसी कड़ी में सुशीला हॉस्पिटल में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित किया गया। फायर कर्मियों ने अस्पताल के कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षित तरीके से मरीजों को बाहर निकालने, अग्निशमन यंत्र के सही इस्तेमाल और आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड को सूचना देने की प्रक्रिया समझाई।
अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है। छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए अग्निशमन उपकरणों को हमेशा चालू स्थिति में रखना और कर्मचारियों को उनके इस्तेमाल की जानकारी देना आवश्यक है।

मौके पर डॉ. हेमंत कुमार सिंह, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. स्वप्निल प्रियदर्शनी समेत अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल कर्मियों ने भी अग्नि सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपायों का अभ्यास किया।
अग्निशमन विभाग ने कहा कि अस्पतालों के साथ-साथ अन्य सार्वजनिक एवं संवेदनशील संस्थानों में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम और मॉक ड्रिल लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि आपात स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।

*सीवान गोलीकांड की राजद जांच टीम ने की स्थलीय जांच, न्यायिक जांच और मुआवजे की मांग – Doorbeen News*
सीवान गोलीकांड की राजद जांच टीम ने की स्थलीय जांच, न्यायिक जांच और मुआवजे की मांग









