व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 12.5 लाख की हेरोइन के साथ महिला समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 12.5 लाख रुपये मूल्य की हेरोइन (स्थानीय नाम ‘कोटा’) के साथ एक महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 4 अगस्त को एनएआरकोटिक्स सेल (विशेष कार्य बल), बिहार, पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर शाहपुर पटोरी थाना पुलिस ने की।
सूचना के अनुसार तस्करी से जुड़े गिरोह के सदस्य पटोरी या लगुनिया रेलवे स्टेशन पर उतरकर वैशाली जिले के महनार और बिदुपुर क्षेत्र की ओर जाने वाले थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शाहपुर पटोरी थानाध्यक्ष ने दो टीमों का गठन किया। लगुनिया रेलवे स्टेशन के समीप निर्माणाधीन ताजपुर-बख्तियारपुर फोरलेन के पास संदिग्ध गतिविधि के दौरान दो पुरुष और एक महिला की तलाशी ली गई, जिसमें 60.35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12.5 लाख रुपये बताई गई है।



पुलिस ने मौके से दो एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र निवासी गणेश कुमार, राकेश कुमार राय और पूनम देवी के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में पूर्वोत्तर राज्यों, विशेषकर असम और त्रिपुरा से समस्तीपुर एवं वैशाली तक सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में शाहपुर पटोरी थानाध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में अपर थानाध्यक्ष अंशु सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक प्रियरंजन कुमार तथा सहायक अवर निरीक्षक धर्मवीर कुमार सहित पुलिस टीम शामिल रही।









