व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: सिंघिया प्रखंड अंतर्गत हरदिया एवं निरपुर भरड़िया पंचायत में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित होने वाला सहयोग शिविर अब निर्धारित तिथि 4 अगस्त मंगलवार के बजाय 5 अगस्त बुधवार को आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में बीडीओ विवेक रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 अगस्त मंगलवार को दोनों पंचायतों में सहयोग शिविर लगाया जाना था, जहां आम नागरिकों को अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलना था।


लेकिन सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना के पत्रांक-13989 दिनांक 1 अगस्त शनिवार के आलोक में 4 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के कारण शिविर की तिथि में परिवर्तन किया गया है।
बीडीओ ने बताया कि अब अगले कार्य दिवस 5 अगस्त बुधवार को हरदिया एवं निरपुर भरड़िया पंचायत में पूर्व निर्धारित स्थल पर सहयोग शिविर आयोजित होगा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहेंगे, जो सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों का निष्पादन, आवेदन प्राप्त करना, आवश्यक मार्गदर्शन देना तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई करेंगे।


उन्होंने दोनों पंचायतों के आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याएं, शिकायतें तथा सुझाव प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से समाधान सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का मौके पर ही यथासंभव निराकरण करना है। सहयोग शिविर को लेकर दोनों पंचायतों में आवश्यक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं, जिससे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


*रेलवे की CBT परीक्षा को ले दानापुर और पूर्णिया कोर्ट के मध्य 02 जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन – Doorbeen News*






