व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: मोहिउद्दीननगर
थाना क्षेत्र के मदुदाबाद पंचायत स्थित भुरहा पुल के समीप शुक्रवार की शाम सेल्फी लेने के दौरान बाया नदी में डूबने से एक इंजीनियरिंग छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद साथ मौजूद युवकों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने छात्र को नदी से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र निवासी विपीन कुमार राय के पुत्र प्रिंस कुमार यादव (20) के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि प्रिंस सरायरंजन इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, प्रिंस अपने चार अन्य साथियों के साथ घूमने के लिए भुरहा पुल के पास आया था। इसी दौरान सभी नदी किनारे सेल्फी ले रहे थे।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेल्फी लेने के क्रम में प्रिंस का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिर गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया तथा स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी।
परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। देर शाम तक परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा था और शव अस्पताल में रखा गया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक पूछताछ में साथ आए युवकों के बयान अलग-अलग होने के कारण घटना की सही जानकारी नहीं मिल रही है। अन्य साथी डरे सहमे है जिस कारण सही बात सामने नहीं आ पा रही है। पुलिस के अनुसार सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



*समाज का दर्पण है प्रेमचंद का साहित्य : अनंत प्रेमचंद जयंती पर साहित्यिक विचार गोष्ठी आयोजित – Doorbeen News*
समाज का दर्पण है प्रेमचंद का साहित्य : अनंत प्रेमचंद जयंती पर साहित्यिक विचार गोष्ठी आयोजित






