विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक में विकास कार्यों पर बनी सहमति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व बेहतर संसाधनों पर दिया गया जोर

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर के शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बल्लीपुर में शुक्रवार को विद्यालय प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार ने की, जबकि संचालन मध्य विद्यालय बल्लीपुर के वरीय शिक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने किया।

बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान विद्यालय में कार्यरत रात्रि प्रहरी के लंबित मानदेय भुगतान, विद्यालय भवन की रंगाई पुताई, परिसर की साफ-सफाई तथा छात्र-छात्राओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक उपकरण एवं संसाधनों की खरीद पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया।

समिति के सदस्यों ने सर्वसम्मति से इन प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रधानाध्यापिका संगीता कुमारी को निर्देश दिया कि उपलब्ध राशि की नियमानुसार निकासी कर समिति द्वारा लिए गए निर्णयों का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से विधायक बीरेन्द्र कुमार, भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री सह एनटीपीसी के स्वतंत्र निदेशक सुशील कुमार चौधरी,जिला महामंत्री अनिल कुमार सिंह, जयंत चौधरी तथा बीस सूत्री अध्यक्ष सह भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार बबली का मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप पाग, चादर एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया।

अतिथियों ने विद्यालय परिवार द्वारा किए गए सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक को संबोधित करते हुए रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता, स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करना जनप्रतिनिधियों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिलेगा तो निश्चित रूप से उनका सर्वांगीण विकास होगा।

विद्यालय की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री सह एनटीपीसी के स्वतंत्र निदेशक सुशील कुमार चौधरी ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ साथ आधुनिक सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। विद्यालय प्रबंधन समिति की सक्रियता से विकास कार्यों में गति आती है और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज की सहभागिता जितनी मजबूत होगी, उतना ही उज्ज्वल भविष्य नई पीढ़ी का होगा।

बीस सूत्री अध्यक्ष सह भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार बबली ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है।

विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं का विकास विद्यार्थियों के हित में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय परिवार को आश्वस्त किया कि जनहित और शिक्षा से जुड़े हर सकारात्मक कार्य में उनका सहयोग हमेशा मिलता रहेगा।

बैठक के अंत में प्रधानाध्यापिका संगीता कुमारी ने सभी अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा उपस्थित शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति द्वारा लिए गए सभी निर्णयों का समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से अनुपालन कराया जाएगा। इस अवसर पर मध्य विद्यालय बल्लीपुर के प्रधानाध्यापक मदन कुमार, मोहम्मद मुस्तकीम, उमेश यादव, प्रवीण कुमार चौधरी, नागेंद्र कुमार, वेद प्रकाश, लता रावत, प्रदीप भारती, विश्वजीत कुमार सहित अन्य थे।

*श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत, गया–मधुपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन – Doorbeen News*

श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत, गया–मधुपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *