सिंघिया पीएचसी के स्वास्थ्यकर्मी के किराये के मकान में भीषण चोरी, नकदी, चांदी का पायल और मोबाइल ले उड़े चोर

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: सिंघिया प्रखंड अंतर्गत कोल्हुआघाट के त्रिपुरारी यादव के मकान में किराये पर रह रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघिया के स्वास्थ्यकर्मी दिनेश कुमार के आवास में बुधवार की देर रात अज्ञात चोरों ने भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। चोरी की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार स्वास्थ्यकर्मी दिनेश कुमार अपनी पत्नी पूजा कुमारी के साथ उक्त मकान में किराये पर रहते हैं। पूजा कुमारी आर्थिक परिस्थितियों के कारण सिंघिया के एक निजी विद्यालय में कार्यरत हैं। पीड़िता ने बताया कि बुधवार की रात दोनों पति पत्नी मुख्य गेट के बाहर ही सोए हुए थे। सुबह जब उनकी नींद खुली तो गेट खुला हुआ मिला। इसके बाद जब वे कमरे के अंदर पहुंचे तो सामान बिखरा हुआ था।

जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर कमरे से लगभग 50 हजार रुपये, चांदी का पायल, नकदी, मोबाइल फोन तथा उसका चार्जर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए आवश्यक जानकारी जुटाई। पीड़ित परिवार ने आशंका जताई कि क्षेत्र में पुलिस गश्ती पर्याप्त नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं और लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने तथा शीघ्र चोरी का खुलासा करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में सिंघिया क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है।

करीब दो सप्ताह पूर्व भारतीय स्टेट बैंक सिंघिया शाखा के समीप स्थित कई दुकानों में भी चोरी की घटना हुई थी। उस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में लगातार हो रही चोरियों ने आम लोगों और किरायेदारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

लोगों का मानना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के मनोबल पर इसका प्रतिकूल असर पड़ेगा और ऐसी घटनाएं आगे भी जारी रह सकती हैं। इस संबंध में थाना अध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

*नागपंचमी पर सांप-बिच्छू का प्रदर्शन पड़ा भारी तो होगी सख्त कार्रवाई, आधुनिक तकनीक से हर गतिविधि पर रहेगी प्रशासन की नजर – Doorbeen News*

नागपंचमी पर सांप-बिच्छू का प्रदर्शन पड़ा भारी तो होगी सख्त कार्रवाई, आधुनिक तकनीक से हर गतिविधि पर रहेगी प्रशासन की नजर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *