व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। सरकारी खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिले के सभी आहरण एवं वितरण पदाधिकारियों (DDO) के लिए गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण में सरकारी खरीद से जुड़े नए नियमों और तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
पटना से आए विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को GeM पोर्टल पर उपयोगकर्ता पंजीकरण, क्रेता प्रोफाइल संचालन, वस्तुओं एवं सेवाओं की ऑनलाइन खरीद, डायरेक्ट परचेज, एल-1 खरीद, ई-बिडिंग, रिवर्स ऑक्शन, अनुबंध प्रबंधन, ऑनलाइन भुगतान और शिकायत निवारण जैसी प्रक्रियाओं का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही पोर्टल के नवीनतम दिशा-निर्देशों और प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।


प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से किया गया। ऑनलाइन खरीद प्रक्रिया में आने वाली सामान्य तकनीकी समस्याओं और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा हुई, ताकि विभागीय कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस अवसर पर वरीय कोषागार पदाधिकारी ने कहा कि सभी विभागों को GeM पोर्टल के माध्यम से निर्धारित नियमों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी खरीद सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी खरीद में GeM का अधिकतम उपयोग वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत करेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी विभागों के आहरण एवं वितरण पदाधिकारियों ने भाग लिया और सरकारी खरीद प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशिक्षण प्राप्त किया।
फैक्ट बॉक्स
- समाहरणालय सभागार में सभी DDO के लिए GeM पोर्टल पर प्रशिक्षण।
- सरकारी खरीद की नई प्रक्रिया, ई-बिडिंग और रिवर्स ऑक्शन की दी गई जानकारी।
- ऑनलाइन भुगतान, अनुबंध प्रबंधन और शिकायत निवारण पर भी हुआ प्रशिक्षण।
- उद्देश्य: सरकारी खरीद में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करना।

*पटेल मैदान की पिच अब होगी प्रोफेशनल: डीएम ने क्रिकेट पिच रोलर का किया उद्घाटन, खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर अभ्यास का मंच – Doorbeen NewS*









