व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
पुलिस ने तेज की तलाश, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे; रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर अलर्ट जारी
Doorbeen News Desk: बेगूसराय: जिले के रतनपुर स्थित बालिका गृह से पांच बालिकाओं के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के 24 घंटे बाद भी बालिकाओं का कोई सुराग नहीं मिलने से जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच करते हुए बालिकाओं की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक मनीष ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस को बालिका गृह भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है। बालिका गृह और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बालिकाओं की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
एसपी ने बताया कि आसपास के सभी थानों, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों को अलर्ट जारी कर दिया गया है। साथ ही जिला बाल संरक्षण इकाई और बाल कल्याण समिति को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। बालिका गृह की वार्डन एवं अन्य कर्मियों से पूछताछ की जा रही है।



घटनास्थल पर कैंप कर रहे सदर एसडीपीओ-1 आनंद कुमार पांडेय और रतनपुर थाना पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है ताकि लापता बालिकाओं को सुरक्षित बरामद किया जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले 18 जुलाई 2024 को पनहांस स्थित बाल सुधार गृह से भी पांच बच्चे फरार हो गए थे। हालांकि उस मामले में पुलिस ने करीब 12 घंटे के भीतर सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया था। लगभग दो वर्षों के भीतर बाल गृह और बालिका गृह से बच्चों के लापता होने की यह दूसरी घटना है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और बालिकाओं की सुरक्षित बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।




*विद्यापतिधाम उगना महादेव मंदिर में श्रावणी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में, सुरक्षा और सुविधाओं पर प्रशासन का विशेष फोकस – Doorbeen News*





