संभावित बाढ़ को लेकर सहरसा प्रशासन अलर्ट, डीएम ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

राहत शिविर, तटबंध, नाव, पेयजल और बचाव व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

 

Doorbeen News Desk: सहरसा: संभावित बाढ़ को देखते हुए सहरसा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। बाढ़ से प्रभावी ढंग से निपटने तथा आमजन की सुरक्षा और राहत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों को समयपूर्व तैयारी पूरी करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मुकेश कुमार, अपर समाहर्ता (राजस्व) निशांत, उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सुजीत कुमार बरनवाल, अनुमंडल पदाधिकारी सहरसा एवं सिमरी बख्तियारपुर, संबंधित प्रखंडों के बीडीओ, अंचल अधिकारी, पीएचईडी, ग्रामीण कार्य प्रमंडल तथा बाढ़ सुरक्षा कार्यों से जुड़े अभियंता मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने सभी बाढ़ संभावित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को संयुक्त रूप से संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और बाढ़ आश्रय स्थलों का शीघ्र निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी राहत एवं आश्रय स्थलों पर पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और भवनों की मरम्मत सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराई जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को सभी बाढ़ आश्रय स्थलों पर पेयजल व्यवस्था का आकलन करने, खराब चापाकलों की मरम्मत कराने तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त चापाकल लगाने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तटबंधों का नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ सुरक्षा कार्यों से जुड़े अभियंताओं को सभी तटबंधों के सुदृढ़ीकरण एवं सुरक्षा कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने को कहा।

बैठक में नावों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पंजीकृत नावों का सत्यापन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त नावों के पंजीकरण का प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि बाढ़ की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य बिना किसी बाधा के संचालित किए जा सकें।

जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ पूर्व तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करना सुनिश्चित किया जाए।

*‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत नियुक्त पैरा एथलीट मोहम्मद मेराज आलम का सम्मान – Doorbeen News*

‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत नियुक्त पैरा एथलीट मोहम्मद मेराज आलम का सम्मान

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *