व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत हथौड़ी थाना क्षेत्र के मधुरापुर पंचायत के वार्ड 7 कनखरिया गांव निवासी राजेश साह के पुत्र राजू साह को हथौड़ी पुलिस ने अपहरण के लगभग 15 घंटे के भीतर दरभंगा जिले के हायाघाट थाना क्षेत्र के हथौड़ी बाजार से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में हथौड़ी थाना कांड संख्या 41/26 दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार छापेमारी कर सोमवार को अपहृत को बरामद करने में सफलता पाई।
मामले को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। अपहृत की पत्नी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार राजू साह को शनिवार 18 जुलाई की देर शाम उसके घर से अपहरण कर लिया गया था। घटना के बाद उनकी पत्नी कंचन देवी ने रविवार 19 जुलाई को हथौड़ी थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


आवेदन मिलते ही पुलिस टीम ने दरभंगा जिले के विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। इसके बाद सोमवार को हायाघाट थाना क्षेत्र के हथौड़ी बाजार से राजू साह को सकुशल बरामद कर लिया। अपर थाना अध्यक्ष मुखराम सिंह ने बताया कि कांड दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर दरभंगा जिले के कई स्थानों पर छापेमारी की। लगातार प्रयास के बाद सोमवार को पीड़ित को हथौड़ी बाजार से बरामद कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा घटना में शामिल सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। थाना में दिए गए आवेदन में कंचन देवी ने बताया है कि उनके पति राजू साह कई वर्षों से दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र के दुधिया गांव निवासी सत्यनारायण यादव उर्फ विकास के साथ एक कंपनी में साझेदारी के आधार पर काम करते थे। समय के साथ कंपनी के पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया था। इसी विवाद के कारण आरोपित लगातार दबाव बना रहे थे।


आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शनिवार 18 जुलाई की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच सत्यनारायण यादव उर्फ विकास अपने अन्य साथियों के साथ उनके घर पहुंचे। सभी ने मिलकर उनके पति को जबरन घर से खींचकर बाहर निकाला और एक स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर हथौड़ी पुल की ओर लेकर फरार हो गए। कंचन देवी ने आवेदन में आशंका जताई कि आरोपित उनके पति को जान से मारने की नीयत से अपहरण कर ले गए हैं। उन्होंने पुलिस से अपने पति की सकुशल बरामदगी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहृत की सकुशल बरामदगी होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। अपर थाना अध्यक्ष ने कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


*समस्तीपुर के नए सदर एसडीओ राकेश कुमार का हुआ स्वागत, पूर्व एसडीओ दिलीप कुमार को दी भावभीनी विदाई – Doorbeen News*
समस्तीपुर के नए सदर एसडीओ राकेश कुमार का हुआ स्वागत, पूर्व एसडीओ दिलीप कुमार को दी भावभीनी विदाई





