व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर। जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी चौक पर गुरुवार शाम हथियारबंद अपराधियों ने दिनेश ज्वेलर्स एंड संस में लूटपाट का प्रयास किया। व्यवसायी द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें दुकान संचालक दिनेश साह के पैर में गोली लग गई। घायल व्यवसायी का इलाज समस्तीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस अपराधियों की पहचान में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8 बजे उजले रंग की बोलेरो से पहुंचे अपराधियों में से चार हथियारबंद बदमाश दुकान में घुस गए, जबकि तीन अन्य वाहन में ही बैठे रहे। बदमाशों ने दुकान में लूटपाट का प्रयास किया, लेकिन व्यवसायी और उनके पुत्र ने विरोध किया। इसके बाद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली दिनेश साह के पैर में लगी।


सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि वारदात के बाद बदमाश दुकान से बाहर निकलकर भी फायरिंग करते हैं और फिर बोलेरो में सवार होकर फरार हो जाते हैं। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे।
घायल व्यवसायी को पहले विभूतिपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।


घटना की सूचना मिलते ही विभूतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इलाके में इस घटना के बाद व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।


*समस्तीपुर के शिक्षकों के लिए जरूरी खबर: अब बायोमेट्रिक और ई-शिक्षाकोष उपस्थिति के बिना नहीं मिलेगा वेतन – Doorbeen News*





