समस्तीपुर में पहली बार निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा: 22 फीट ऊंचे रथ पर विराजे प्रभु, हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ शहर

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर शहर ने गुरुवार को एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पल का साक्षी बना, जब पहली बार बंगाली समाज के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। रंग-बिरंगी सजावट, हरिनाम संकीर्तन, ढोल-मंजीरे और जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रथ खींचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।

रथ यात्रा का शुभारंभ शहर के कृष्णा टॉकीज परिसर से हुआ। यहां विधिवत पूजा-अर्चना और हरिनाम संकीर्तन के बाद भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की प्रतिमाओं को सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया गया। इसके बाद रथ यात्रा कृष्णा टॉकीज से बहादुरपुर स्थित पुरानी दुर्गा स्थान तक पहुंची और वहीं से पुनः उसी मार्ग से वापस कृष्णा टॉकीज परिसर लौटकर संपन्न हुई।

इस अवसर पर सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रहा करीब 22 फीट ऊंचा भव्य रथ, जिसे पारंपरिक शैली में आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रथ पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की तीन से पांच फीट ऊंची प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए रथ के साथ चलते रहे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया।

आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन की परिकल्पना साप्ताहिक कीर्तन मंडली की बैठक के दौरान डॉ. एस.एस. नंदी ने रखी थी। उन्होंने सुझाव दिया कि समस्तीपुर में भी बंगाली समाज की ओर से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जानी चाहिए। उनके प्रस्ताव का सभी सदस्यों ने एकमत से समर्थन किया, जिसके बाद कई सप्ताह तक तैयारी कर इस आयोजन को साकार रूप दिया गया।

रथ यात्रा से पहले कृष्णा टॉकीज परिसर में भव्य कीर्तन एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। कलाकारों ने भगवान जगन्नाथ की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया।

इस आयोजन को सफल बनाने में डॉ. एस.एस. नंदी, डॉ. पी. नंदी, शुभ्र कुमार दास, मुक्ति कुमार कुंडू, सचिन चौधरी, विक्की, बाबू बनर्जी, अधिवक्ता संजय सहित बंगाली समाज के अनेक लोगों की सक्रिय भूमिका रही। श्रद्धालुओं ने इसे समस्तीपुर के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास का यादगार आयोजन बताते हुए भविष्य में इसे और भव्य रूप से आयोजित करने की उम्मीद जताई।

*राजधानी एक्सप्रेस में 26 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, समस्तीपुर स्टेशन पर RPF-GRP की बड़ी कार्रवाई – Doorbeen News*

राजधानी एक्सप्रेस में 26 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, समस्तीपुर स्टेशन पर RPF-GRP की बड़ी कार्रवाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *