समस्तीपुर कॉलेज के बंद हॉस्टल में मिली युवक की सड़ी-गली लाश, शव पर केमिकल डालकर जलाने की आशंका

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित जितवारपुर के समस्तीपुर कॉलेज के पुराने बंद पड़े हॉस्टल के खंडहरनुमा कमरे से बुधवार को एक अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया शव पर केमिकल डालकर जलाने का प्रयास किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष प्रतीत हो रही है। शव पर पैंट और टी-शर्ट थे। हालांकि युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। मौत किन परिस्थितियों में हुई और हत्या कैसे की गई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

स्थानीय ग्रामीण राजू राय ने बताया कि उनके खेत में लगे ताड़ के पेड़ का छज्जा पुराने हॉस्टल की छत पर गिर गया था। उसे देखने के लिए जब वह हॉस्टल की छत पर पहुंचे तो वहां से तेज दुर्गंध आने लगी। बदबू का पीछा करते हुए वह एक कमरे तक पहुंचे, जहां सड़ी-गली लाश पड़ी थी। शव देखकर वह घबरा गए और तुरंत कॉलेज के प्राचार्य को सूचना दी।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शशि रंजन कुमार शशि ने बताया कि गर्मी की छुट्टी के कारण 15 मई के बाद कॉलेज बंद था। पुराने हॉस्टल परिसर में लोगों का आना-जाना बेहद कम रहता है। उन्होंने कहा कि परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन उनमें केवल 15 दिनों का ही रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है। अब पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अजीत कुमार ने बताया कि पुराने बंद पड़े पीजी हॉस्टल के खंडहरनुमा कमरे से सड़ी-गली लाश बरामद हुई है। घटनास्थल के आसपास केमिकल जैसे पदार्थ भी मिले हैं, जिससे शव को नष्ट करने की कोशिश की आशंका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

*आगरा कैंट की घटना के विरोध में ECRKU का प्रदर्शन, रेलकर्मियों की सुरक्षा और सम्मान की उठाई मांग – Doorbeen News*

आगरा कैंट की घटना के विरोध में ECRKU का प्रदर्शन, रेलकर्मियों की सुरक्षा और सम्मान की उठाई मांग

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *