व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: पटना। राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कथित देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहटा–मनेर स्टेट हाईवे स्थित शिवम होटल में छापेमारी की। इस दौरान एक नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि होटल संचालक समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की गुप्त सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी (पश्चिम) के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान होटल के एक कमरे से एक नाबालिग लड़की और एक युवक मिले।


छापेमारी के दौरान कमरे की तलाशी में पुलिस ने 12 कंडोम और तीन कथित सेक्स वर्धक गोलियां बरामद करने की बात कही है। सभी बरामद सामग्री को जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।
इस मामले में पुलिस ने होटल संचालक चांद बाबू सिंह, ग्राहक अजीत कुमार तथा कथित तौर पर इस नेटवर्क से जुड़ी एक महिला समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।


रेस्क्यू की गई नाबालिग को बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रक्रिया के तहत सक्षम एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कथित नेटवर्क का संचालन कितने बड़े स्तर पर हो रहा था और इसमें अन्य लोगों की भी संलिप्तता है या नहीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस छापेमारी का हालिया चर्चित बंटी हत्याकांड से कोई आधिकारिक संबंध स्थापित नहीं हुआ है और दोनों मामलों की जांच अलग-अलग की जा रही है।


*रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत: अब SMS से मिलेगी प्लेटफॉर्म और रूट बदलने की जानकारी – Doorbeen News*
रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत: अब SMS से मिलेगी प्लेटफॉर्म और रूट बदलने की जानकारी





