व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर सदर अंचल के नवपदस्थापित अंचलाधिकारी (सीओ) आदित्य शंकर ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन में पारदर्शिता, समयबद्ध सेवा और आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इस मौके पर स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
दूरबीन न्यूज से बातचीत में सीओ आदित्य शंकर ने कहा कि महा अभियान के दौरान प्राप्त सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत 15 अगस्त तक भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने के लिए विशेष सर्वे अभियान को भी निर्धारित समय में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।


उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजस्व कार्यालयों में किसी भी प्रकार की बिचौलियागिरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जमीन से जुड़े मामलों, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र सहित सभी राजस्व सेवाओं में किसी मध्यस्थ की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति बिचौलिये की भूमिका निभाते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


नवपदस्थापित सीओ ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए वे सीधे अंचल कार्यालय पहुंचकर उनसे संपर्क करें। प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाएगी और नियमानुसार उसका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम लोगों को बिना किसी परेशानी के बेहतर और पारदर्शी राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि जनता का विश्वास प्रशासन पर और मजबूत हो।


*समस्तीपुर में वाहन जांच के दौरान दो अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार, रिवॉल्वर, कारतूस और दो वाहन जब्त – Doorbeen News*
समस्तीपुर में वाहन जांच के दौरान दो अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार, रिवॉल्वर, कारतूस और दो वाहन जब्त





