समस्तीपुर में कारोबारी के घर लाखों की चोरी, सोते रहे पति-पत्नी और चाकू लेकर घर में घूमता रहा चोर

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के मथुरापुर थाना क्षेत्र में एक कारोबारी के घर चोर ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बदमाश देर रात चाकू लेकर घर में घुसा और करीब 10 मिनट तक पूरे घर में घूमकर डेढ़ लाख रुपये नकद और करीब पांच भर सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया। हैरानी की बात यह रही कि घर के हॉल में सो रहे पति-पत्नी को इसकी भनक तक नहीं लगी। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

घटना मथुरापुर थाना क्षेत्र के सारी वार्ड संख्या-14 की है। पीड़ित कारोबारी सोनू चौधरी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि रात में परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान एक चोर घर में दाखिल हुआ। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि सोनू चौधरी और उनकी पत्नी हॉल में फर्श पर सो रहे हैं। इसी बीच चोर उनके बिस्तर के पास पहुंचकर चाबी निकाल लेता है।

फुटेज के अनुसार, चोर के एक हाथ में चाकू था और उसने पहचान छिपाने के लिए चेहरे को गमछे से ढक रखा था। चाबी मिलने के बाद वह अलग-अलग कमरों में पहुंचा और अलमारी से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद तथा पांच भर सोने के जेवरात चोरी कर फरार हो गया।

सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। नकदी और जेवर गायब देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद मामले की सूचना मथुरापुर थाना पुलिस को दी गई। पीड़ित ने सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।

मथुरापुर थाना पुलिस ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

*समस्तीपुर में कमजोर मानसून से धान रोपनी की रफ्तार थमी, 76 हजार हेक्टेयर लक्ष्य के मुकाबले अब तक सिर्फ 22% रोपनी – Doorbeen News*

समस्तीपुर में कमजोर मानसून से धान रोपनी की रफ्तार थमी, 76 हजार हेक्टेयर लक्ष्य के मुकाबले अब तक सिर्फ 22% रोपनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *