व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर: राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद, पटना के दिशा-निर्देशन में शिवाजीनगर प्रखंड के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में वर्ग एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों का त्रैमासिक मूल्यांकन सुव्यवस्थित ढंग से जारी है। मंगलवार से प्रारंभ हुई इस मूल्यांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन बुधवार को वर्ग छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान एवं संस्कृत विषय की लिखित परीक्षा आयोजित की गई। प्रखंड के सभी 125 प्राथमिक, उत्क्रमित एवं मध्य विद्यालयों में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुई। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं में परीक्षा को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा सभी बच्चे पूरे मनोयोग से मूल्यांकन में शामिल हुए।
बुधवार को सभी विद्यालयों में वीक्षकों द्वारा प्रश्नों को श्यामपट्ट पर लिखकर मूल्यांकन कार्य कराया गया। प्रश्न श्यामपट्ट पर लिखे जाने के कारण कई विद्यार्थियों को प्रश्न पढ़ने और उत्तर लिखने में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा, जिससे उन्हें कुछ कठिनाइयों का सामना भी करना पड़ा। इसके बावजूद विद्यार्थियों ने धैर्यपूर्वक परीक्षा पूरी की और शिक्षकों के मार्गदर्शन में मूल्यांकन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को प्रथम पाली में वर्ग तीन से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए गणित विषय की लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जबकि द्वितीय पाली में वर्ग छह से आठ तक के विद्यार्थियों का गणित विषय का मूल्यांकन कराया जाएगा। शुक्रवार को सभी वर्गों के लिए सह-शैक्षणिक गतिविधियों का मूल्यांकन किया जाएगा। वहीं शनिवार को प्रथम पाली में वर्ग तीन से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण अध्ययन एवं सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा होगी, जबकि द्वितीय पाली में वर्ग प्रथम एवं द्वितीय के बच्चों का गणित विषय का मौखिक मूल्यांकन कराया जाएगा।
सोमवार को प्रथम पाली में वर्ग तीन से आठ तक के विद्यार्थियों की भाषा (हिन्दी/उर्दू) विषय की लिखित परीक्षा तथा वर्ग प्रथम एवं द्वितीय के विद्यार्थियों का मौखिक मूल्यांकन होगा। इसके बाद द्वितीय पाली में अतिरिक्त भाषा का मूल्यांकन संपन्न कराया जाएगा। प्रखंड के कुल 125 विद्यालयों में नामांकित छात्र-छात्राएं त्रैमासिक मूल्यांकन में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षकों की देखरेख में परीक्षा पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ कराई जा रही है।

इस दौरान प्रधानाध्यापक बालमुकुंद सिंह, सुभाष सिंह, रामनाथ पंडित, अरुण पासवान, शांति भूषण, राजकुमार राय, राजकुमार मुखिया, मृत्युंजय सिंह, दिलीप ठाकुर, देवानंद कामद, बिहारी दास, मोहम्मद अब्दुल्लाह, उमेश प्रसाद राय, रामबाबू सिंह, संजीव कुमार, संजीत पोद्दार, सरिता कुमारी, मोहम्मद जैनुद्दीन, प्रदीप कुमार एवं प्रमोद पासवान सहित सभी प्रधानाध्यापक एवं प्रधान शिक्षक मूल्यांकन कार्य का सफल संचालन कर रहे हैं।
शिक्षकों ने बताया कि त्रैमासिक मूल्यांकन का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का आकलन करना तथा उनकी विषयगत कमजोरियों की पहचान कर आगे की पढ़ाई को और प्रभावी बनाना है। पूरे प्रखंड में परीक्षा को लेकर उत्साहपूर्ण वातावरण बना हुआ है तथा शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुरूप सभी विद्यालयों में मूल्यांकन कार्य नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है।


*प्रभारी बदलने के आदेश पर भड़के छात्र, स्कूल में तालाबंदी, मुकेश कुमार को बनाए रखने की मांग – Doorbeen News*
प्रभारी बदलने के आदेश पर भड़के छात्र, स्कूल में तालाबंदी, मुकेश कुमार को बनाए रखने की मांग





