व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। शिवाजीनगर प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीन संचालित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर कलवारा (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) का बुधवार को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत वर्चुअल मूल्यांकन किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर की टीम ने स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध सेवाओं और गुणवत्ता मानकों की विस्तृत समीक्षा की।
राष्ट्रीय मूल्यांकन टीम के असेसर प्रतीक मोदी एवं डॉ. संदीप सिंह ने ऑनलाइन निरीक्षण के दौरान मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं, दवा वितरण, अभिलेख संधारण, स्वच्छता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न पहलुओं का बारीकी से आकलन किया। जिला स्तर से मनीष कुमार पिरामल भी मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान उपस्थित रहे।


मूल्यांकन के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रौनक चतुर्वेदी, संबंधित एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं आशा फैसिलिटेटर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक मोहम्मद अमानुल्लाह सहित स्वास्थ्य केंद्र के सभी कर्मियों ने राष्ट्रीय टीम के प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया तथा आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन प्रस्तुत किए।
राष्ट्रीय टीम ने निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई, मरीजों के प्रति व्यवहार, उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं कार्य निष्पादन की सराहना की। हालांकि कुछ बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता भी बताई गई।


प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रौनक चतुर्वेदी एवं स्वास्थ्य प्रबंधक मोहम्मद अमानुल्लाह ने राष्ट्रीय टीम को भरोसा दिलाया कि चिन्हित कमियों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।


*शिवाजीनगर के 125 विद्यालयों में त्रैमासिक मूल्यांकन जारी, विज्ञान-संस्कृत की परीक्षा संपन्न, गणित व सह-शैक्षणिक गतिविधियों का मूल्यांकन निर्धारित – Doorbeen News*





