प्रभारी बदलने के आदेश पर भड़के छात्र, स्कूल में तालाबंदी, मुकेश कुमार को बनाए रखने की मांग

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: मधेपुरा जिले के घैलाढ़ प्रखंड के भान टेकती स्थित सोनाय अनूप उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को प्रभारी प्रधानाध्यापक बदलने के विभागीय आदेश के विरोध में छात्रों ने मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। छात्रों की मांग थी कि स्थायी प्रधानाध्यापक की नियुक्ति तक वर्तमान प्रभारी मुकेश कुमार को ही पद पर बनाए रखा जाए।

छात्रों और ग्रामीणों का कहना है कि पिछले आठ महीनों में मुकेश कुमार के नेतृत्व में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और पठन-पाठन में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उनका आरोप है कि केवल वरीयता के आधार पर प्रभारी बदलने का निर्णय लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पूर्व प्रभारी अजय कुमार के प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद विभाग ने मुकेश कुमार को प्रभार सौंपा था। बाद में शिक्षक अशोक कुमार अमर के आवेदन के बाद विभाग ने वरीयता के आधार पर मोहम्मद इमरान आलम को प्रभारी बनाने का आदेश जारी कर दिया। इसके विरोध में छात्र पहले भी जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन दे चुके थे। सोमवार को 24 घंटे के भीतर प्रभार हस्तांतरण का आदेश जारी होने के बाद मंगलवार को छात्र आंदोलन पर उतर आए।

बीईओ के आश्वासन पर खुला ताला: सूचना पर पहुंचे प्रभारी बीईओ नवल किशोर सिंह ने छात्रों से बातचीत की, शिक्षकों के संबंध में फीडबैक लिया और कुछ शिक्षकों को फटकार भी लगाई। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले को जिला शिक्षा पदाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद छात्रों ने तालाबंदी समाप्त की।

करीब दो घंटे तक शैक्षणिक कार्य बाधित रहा और शिक्षक विद्यालय के बाहर इंतजार करते रहे। किसी भी शिक्षक ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।

छात्रों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो सड़क जाम सहित उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इस घटना ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि विभागीय प्रशासनिक निर्णयों में छात्र और अभिभावकों की भूमिका कितनी उचित है। हालांकि प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि विद्यालय की बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए है।

*समस्तीपुर में आपसी विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस – Doorbeen News*

समस्तीपुर में आपसी विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *