व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय शंकरपुर में बुधवार को 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सप्लाई इंस्पेक्टर पद पर चयनित अभिषेक कुमार के सम्मान में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से अभिषेक कुमार के साथ उनकी माता इंदु कुमारी एवं दादा फुलेन्दर सिंह को मिथिला की पारंपरिक पाग, चादर और पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह का वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट और छात्रों के उत्साह से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रतनदीप ने कहा कि अभिषेक कुमार की सफलता पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। विद्यालय परिवार को अपने पूर्व छात्र की उपलब्धि पर गर्व है और भविष्य में भी ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को हरसंभव प्रोत्साहन दिया जाएगा।


सम्मान ग्रहण करने के बाद अभिषेक कुमार ने विद्यालय के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता में गुरुजनों के मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग और निरंतर परिश्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन तथा आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है।
समारोह में उपस्थित अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने भी अभिषेक कुमार की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे शिवाजीनगर क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। विद्यालय परिसर में मौजूद विद्यार्थियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े कई प्रश्न भी पूछे।


कार्यक्रम में शिक्षक गणेश कुमार, रामकुमार सिंह, राजन कुमार, पंकज कुमार, दिव्या रानी, विजय कुमार शर्मा, प्रदीप कुमार, प्रजेश कुमार सिंह, सुधा सुंदरी, शशिकांत कुमार, मयंक कुमार झा, पूर्व मुखिया तपेश्वर बाबू, सुशील सिंह, श्याम बाबू सिंह, रामाश्रय सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। समारोह का समापन अभिषेक कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना और विद्यार्थियों को उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प दिलाने के साथ हुआ।


*दो दिन की बारिश से खेतों में लौटी उम्मीद: धान की नर्सरी में जुटे किसान, अब भी मानसून पर टिकी नजर – Doorbeen News*
दो दिन की बारिश से खेतों में लौटी उम्मीद: धान की नर्सरी में जुटे किसान, अब भी मानसून पर टिकी नजर





