सतर्क लोको पायलटों ने बचाईं कई जिंदगियां, समस्तीपुर मंडल के रेलकर्मी बने मानवता की मिसाल

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। भारतीय रेल के लोको पायलट और सहायक लोको पायलट केवल ट्रेनों के सुरक्षित संचालन तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि संकट की घड़ी में मानवीय संवेदनाओं का परिचय देकर लोगों की जान बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में हाल के दिनों में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में रेलकर्मियों की सतर्कता और सूझबूझ से कई लोगों की जान बच गई।

इन सराहनीय कार्यों के लिए मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने संबंधित लोको पायलटों एवं सहायक लोको पायलटों को सम्मानित करते हुए सराहना पत्र प्रदान किया।

मां और बच्चे की बचाई जान

22 जून को ट्रेन संख्या 63346 समस्तीपुर-सहरसा सवारी गाड़ी सलौना और इमली स्टेशन के बीच पहुंची थी। इसी दौरान लोको पायलट अभय कुमार और सहायक लोको पायलट जय प्रकाश कुमार ने पटरी पर एक महिला को अपने बच्चे के साथ लेटा देखा। उन्होंने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी और महिला को सुरक्षित ट्रैक से हटाकर ग्रामीणों के सुपुर्द किया।

मासूम बच्चे को मौत के मुंह से निकाला

1 मई को ट्रेन संख्या 75230 रक्सौल-दरभंगा सवारी गाड़ी के चालक दल ने ढेंग और रीगा स्टेशन के बीच रेल पटरी पर एक बच्चे को लेटा देखा। लोको पायलट पंकज कुमार और सहायक लोको पायलट श्रवण कुमार शर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन रोक दी, जिससे बच्चे की जान बच गई।

मालगाड़ी रोककर महिला को बचाया

22 मई को एक मालगाड़ी लेकर जा रहे लोको पायलट मनोज कुमार और सहायक लोको पायलट मनी भूषण कुमार ने ट्रैक पर एक महिला को लेटा देखा। भारी मालगाड़ी होने के बावजूद उन्होंने समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। बाद में महिला को समझाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और ग्रामीणों के हवाले किया गया।

रेल प्रशासन ने कहा कि इन घटनाओं ने साबित किया है कि रेलकर्मी केवल अपने तकनीकी दायित्वों का निर्वहन ही नहीं करते, बल्कि समाज और मानव जीवन के प्रति भी गहरी संवेदनशीलता रखते हैं। उनकी सजगता और तत्परता से कई परिवारों को अपूरणीय क्षति से बचाया जा सका।

सम्मान समारोह के दौरान वरीय मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन) संजय कुमार भी उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन ने सभी रेलकर्मियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए इसे अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

*समस्तीपुर जंक्शन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल चोरी के आरोप में युवक गिरफ्तार – Doorbeen News*

समस्तीपुर जंक्शन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल चोरी के आरोप में युवक गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *