व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले के विद्यापतिनगर प्रखंड अंतर्गत वाजिदपुर गांव की बेटी पूजा कुमारी ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल कर समस्तीपुर का नाम रोशन किया है। पूजा ने परीक्षा में 1524वीं रैंक प्राप्त करते हुए राजस्व अधिकारी (Revenue Officer) पद पर चयनित होकर अपनी मेहनत और लगन का शानदार उदाहरण पेश किया है।
पूजा कुमारी अमरनाथ दुबे एवं सीता देवी की पुत्री हैं। वर्ष 2018 में उनका चयन बिहार पुलिस में सिपाही पद पर हुआ था और वर्तमान में वह नालंदा जिले में कार्यरत हैं। नौकरी की व्यस्तताओं के बीच उन्होंने अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी जारी रखी तथा कठिन परिश्रम के बल पर यह सफलता हासिल की।


उनकी उपलब्धि खास इसलिए भी है क्योंकि उन्होंने पुलिस विभाग में सेवा देते हुए बीपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि पूजा बचपन से ही मेधावी और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्रा रही हैं। सीमित संसाधनों और नौकरी की जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को साकार कर युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक मिसाल कायम की है।



उनके चयन पर चाचा रवि दुबे, भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह सहित कई गणमान्य लोगों ने खुशी जताते हुए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पूजा की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
पूजा कुमारी की इस सफलता से वाजिदपुर गांव सहित पूरे समस्तीपुर जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है। उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।


*समस्तीपुर के गौरव ने 70वीं BPSC में प्रथम प्रयास में हासिल की सफलता, बने असिस्टेंट कमिश्नर – Doorbeen News*
समस्तीपुर के गौरव ने 70वीं BPSC में प्रथम प्रयास में हासिल की सफलता, बने असिस्टेंट कमिश्नर





