समस्तीपुर के गौरव ने 70वीं BPSC में प्रथम प्रयास में हासिल की सफलता, बने असिस्टेंट कमिश्नर

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले के समस्तीपुर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बेला पंचरुखी के प्रधानाध्यापक, लेखक, कवि, संपादक एवं रंगकर्मी मुकेश कुमार तथा गृहिणी गीता मुकेश के पुत्र गौरव ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में प्रथम प्रयास में ही शानदार सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। गौरव ने 359वीं रैंक प्राप्त करते हुए वाणिज्य कर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर पद पर चयनित होकर एक नई उपलब्धि अपने नाम की है।

गौरव की शैक्षणिक यात्रा भी बेहद प्रेरणादायक रही है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, विथान से प्राप्त की। इसके बाद डीएवी पब्लिक स्कूल, समस्तीपुर से मैट्रिक तथा पीसी स्कूल, पटसा से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। आगे चलकर उन्होंने मुंबई स्थित टीएस चाणक्या संस्थान से नेविगेशन में स्नातक की उपाधि हासिल की।

कम उम्र में ही उन्होंने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। मात्र 21 वर्ष की आयु में अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में मर्चेंट नेवी में सेवाएं दीं। इसके बाद पटना उच्च न्यायालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्य किया और अब बीपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर असिस्टेंट कमिश्नर बनने का गौरव हासिल किया है।

परिजनों के अनुसार गौरव बचपन से ही मेधावी और अनुशासित छात्र रहे हैं। उन्हें मधुबनी पेंटिंग में विशेष रुचि है तथा अध्यापन और ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में भी गहरी दिलचस्पी रखते हैं। उनकी सफलता का श्रेय वे अपने दादा-दादी, माता-पिता, चाचा-चाची, परिवारजनों के सहयोग, सेल्फ स्टडी और लक्ष्य के प्रति समर्पण को देते हैं।

गौरव ने अपने दादा एवं पीएसपी हाई स्कूल, विथान के संस्थापक प्रधानाध्यापक गौरी शंकर प्रसाद की शिक्षा, अनुशासन और प्रेरणा को अपनी सफलता की आधारशिला बताया है।

उनकी इस उपलब्धि पर बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णुदेव मंडल, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुमित सौरव, पूर्व बीडीओ राहुल कुमार, समस्तीपुर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शशिभूषण कुमार शशि सहित शिक्षकों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

गौरव की सफलता आज समस्तीपुर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

*मुजफ्फरपुर के बेला फेज-1 स्थित फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख – Doorbeen News*

मुजफ्फरपुर के बेला फेज-1 स्थित फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *