व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करे
समस्तीपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को बड़ी राहत देते हुए केंद्र सरकार ने योजना की अगली किस्त जारी कर दी। इस अवसर पर समस्तीपुर जिले के जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा प्रसारण देखा और संबोधन सुना।
जिला कृषि कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सुमित सौरभ ने की। कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों, कृषि समन्वयकों, किसान सलाहकारों एवं बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। अधिकारियों ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के महत्व और सरकार द्वारा चलाई जा रही कृषि योजनाओं की जानकारी दी।


जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि समस्तीपुर जिले में करीब 2 लाख 42 हजार किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पंजीकृत हैं। इन किसानों को योजना के तहत मिलने वाली किस्त का लाभ दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
वहीं समस्तीपुर प्रखंड कार्यालय में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सुप्रभात कुमार ने की। इस दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी कृष्ण मुरारी सिंह ने बताया कि समस्तीपुर प्रखंड में 8,590 किसान योजना के तहत पंजीकृत हैं, जिन्हें किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है।


कार्यक्रम के दौरान किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना। संबोधन के बाद कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी।
खेत बचाओ अभियान पर भी दिया गया जोर
अधिकारियों ने किसानों को “खेत बचाओ अभियान” के बारे में जागरूक करते हुए संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा जैविक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने की अपील की। किसानों को बताया गया कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है, इसलिए टिकाऊ खेती की दिशा में कदम बढ़ाना जरूरी है।
किसानों ने जताया संतोष
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने कहा कि किसान सम्मान निधि की राशि खेती-किसानी के कार्यों में सहायक साबित होती है। समय पर मिलने वाली यह आर्थिक सहायता बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों के लिए उपयोगी है।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी, किसान समन्वयक, कृषि सलाहकार एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


*ग्रीष्मावकाश में भी नहीं रुकी पढ़ाई: बेला पंचरुखी मध्य विद्यालय में 20 दिनों तक चली ऑनलाइन कंप्यूटर क्लास – Doorbeen News*






