समस्तीपुर मंडल संसदीय समिति की बैठक संपन्न, सांसदों ने रखे रेल विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े अहम सुझाव

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर: पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल की मंडल संसदीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को महेंद्रू घाट, पटना स्थित सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने की। बैठक में समस्तीपुर मंडल क्षेत्र के सांसदों ने भाग लेते हुए रेल विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

बैठक में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रेल विकास और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान सांसदों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़े रेल परियोजनाओं, नई ट्रेनों के परिचालन, स्टेशनों के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग उठाई। साथ ही भविष्य की रेल विकास योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी, राज्यसभा सांसद प्रो. मनोज कुमार झा, सांसद संजय कुमार झा, अखिलेश प्रसाद सिंह, धर्मशीला गुप्ता, राजेश रंजन (पप्पू यादव), दिनेश चंद्र यादव, गोपाल जी ठाकुर, रामप्रीत मंडल, दिलेश्वर कामैत, अशोक कुमार यादव, देवेश चंद्र ठाकुर, सुनील कुमार, प्रदीप कुमार सिंह, लवली आनंद, वीणा देवी एवं शांभवी चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

समस्तीपुर मंडल की उपलब्धियों की दी गई जानकारी

बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सांसदों और उनके प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए समस्तीपुर मंडल की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि:

  • छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए 197 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं।
  • लंबी दूरी की यात्रा को सुगम बनाने के लिए 08 अमृत भारत ट्रेन, 02 वंदे भारत ट्रेन तथा 01 नमो भारत ट्रेन का परिचालन किया गया है।
  • वर्तमान में समस्तीपुर मंडल में 246 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस ट्रेन, 130 जोड़ी पैसेंजर ट्रेन और 68 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें संचालित हो रही हैं।
  • अनारक्षित टिकट सुविधा को आसान बनाने के लिए 13 प्रमुख स्टेशनों पर 38 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें स्थापित की गई हैं।
  • मंडल के 40 स्टेशनों पर “वन स्टेशन वन प्रोडक्ट” स्टॉल संचालित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
  • अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित 22 स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकास कार्य तेजी से जारी हैं।

सांसदों के सुझावों पर अमल का भरोसा

बैठक के समापन पर महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सांसदों द्वारा दिए गए सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझाव भविष्य की रेल विकास योजनाओं की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे लगातार प्रयासरत रहेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बैठक में प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ताकि समस्तीपुर मंडल में रेल सेवाओं को और अधिक आधुनिक, सुरक्षित एवं यात्री अनुकूल बनाया जा सके।

*मोहनपुर रोड पर खुला राज, MLA के नंबर से दौड़ रही थी चोरी की स्कॉर्पियो – Doorbeen News*

मोहनपुर रोड पर खुला राज, MLA के नंबर से दौड़ रही थी चोरी की स्कॉर्पियो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *