व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, अपराध, भ्रष्टाचार एवं कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत समस्तीपुर सरकारी बस पड़ाव परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला प्रभारी सह पूर्व विधायक निरंजन राय एवं राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती ने किया।
धरना की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष रोमा भारती ने की, जबकि संचालन प्रधान महासचिव विपिन सहनी एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने किया। कार्यक्रम के दौरान राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार, किसानों की समस्याओं तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बाद में राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।


सभा को संबोधित करते हुए उजियारपुर विधायक सह पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, पूर्व विधायक निरंजन राय, बिहार विधानसभा के पूर्व मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन, मोरवा विधायक रणविजय साहू, पूर्व मंत्री वैद्यनाथ सहनी, पूर्व विधायक सुनील कुमार पुष्पम, राजद जिलाध्यक्ष रोमा भारती तथा अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सहनी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। नेताओं ने महालेखाकार (सीएजी) द्वारा कथित रूप से उठाए गए 72 हजार करोड़ रुपये के हिसाब की भी मांग की।


राजद नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हो चुकी है तथा सरकार जनहित के मुद्दों के बजाय प्रचार-प्रसार पर अधिक ध्यान दे रही है। वक्ताओं ने कहा कि बिहार में भय, भ्रष्टाचार और अराजकता का माहौल है तथा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।
धरना-प्रदर्शन में जिले भर से आए करीब 500 से अधिक राजद कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, प्रखंड अध्यक्षों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ राजद नेता एवं जेपी सेनानी स्वर्गीय मुनेश्वर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।


*पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी तेज: समस्तीपुर में 5,522 निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची जारी, 23 जून को जिला गजट प्रकाशित होगा – Doorbeen News*





