अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम दिवस पर बड़ी कार्रवाई, समस्तीपुर जंक्शन से 7 बच्चों के साथ 3 मानव तस्कर गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर : अंतरराष्ट्रीय बाल श्रम दिवस के अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), एवीए (AVA) एवं जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र की संयुक्त टीम ने समस्तीपुर जंक्शन पर मानव तस्करी और बाल श्रम के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए सात बच्चों को मुक्त कराया तथा तीन कथित मानव तस्करों को गिरफ्तार किया।

रेलवे सुरक्षा बल के डीएससी आशीष कुमार के निर्देश एवं निरीक्षक प्रभारी अविनाश करोसिया के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में उपनिरीक्षक पी.के. चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक नवीन सिंह, एवीए के सहायक परियोजना पदाधिकारी शिवपूजन कुमार तथा जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र के रवि कुमार मिश्रा, मयंक कुमार सिन्हा, शोभानंद सिंह और दीप्ति कुमारी शामिल थे।

अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर बरौनी फुटओवर ब्रिज के नीचे तीन बच्चे डरे-सहमे अवस्था में मिले। मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर बच्चों ने बताया कि उन्हें चंडीगढ़ में मजदूरी कराने के लिए ले जाया जा रहा था, जहां बोरा ढोने के काम के बदले प्रतिदिन 500 से 600 रुपये देने का लालच दिया गया था।

बच्चों की निशानदेही पर टीम ने प्रमोद कुमार और चंदन कुमार, दोनों निवासी खुदावंदपुर, बेगूसराय को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे बच्चों को मजदूरी के लिए चंडीगढ़ ले जा रहे थे।

इसी दौरान सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर खड़ी जननायक एक्सप्रेस के सामान्य कोच में भी कुछ बच्चों को बाहर ले जाया जा रहा है। जांच के दौरान एक नाबालिग बच्चा मिला, जिसने बताया कि उसे लुधियाना में धान रोपाई के कार्य में मजदूरी कराने के लिए ले जाया जा रहा था। बच्चे की निशानदेही पर जयनारायण ऋषि, निवासी बनमनखी, पूर्णिया को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने भी बच्चे को मजदूरी के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।

इसके अलावा उसी कोच से तीन अन्य बच्चों को भी बरामद किया गया, जो सहरसा और मधुबनी जिले के निवासी बताए गए हैं। बताया जाता है कि इन बच्चों को ले जा रहा एक अन्य तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

सभी बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में लेने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया। गिरफ्तार तीनों आरोपितों के खिलाफ मानव तस्करी एवं बाल श्रम से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि बाल श्रम और मानव तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

*17 और 18 जून को लगेंगे सहयोग सह जनकल्याण शिविर, तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित – Doorbeen News*

17 और 18 जून को लगेंगे सहयोग सह जनकल्याण शिविर, तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *