डीडीसी ने किया यूनियन आरसेटी का निरीक्षण

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान यूनियन आरसेटी, कल्याणपुर का निरीक्षण उप विकास आयुक्त सुर्य प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षणार्थियों से संवाद स्थापित कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं स्वरोजगार की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान श्री सिंह ने वर्तमान में संचालित महिला सिलाई कटाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रशिक्षणार्थियों से मुलाकात कर प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता एवं आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार है। उन्होंने महिलाओं को अपने कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करने तथा अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक प्रशिक्षित युवक एवं महिला को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे सम्मानजनक आजीविका अर्जित कर सकें।
डीडीसी ने प्रशिक्षणार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार, उद्यमिता विकास एवं ऋण योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि बैंकिंग संस्थानों एवं सरकारी विभागों के समन्वित प्रयास से प्रशिक्षित युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता एवं अन्य सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर सफल उद्यमी बनने का आह्वान किया। इसके उपरांत उन्होंने संस्थान में संचालित बकरी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण की प्रगति एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि कृषि एवं पशुपालन आधारित उद्यम, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर उन्होंने संस्थान परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश भी दिया। मौके पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के आंचलिक उप महाप्रबंधक रंजीत सिंह, क्षेत्र प्रमुख प्रेम रंजन कुमार, उप क्षेत्र प्रमुख सुबोध कुमार मिश्रा, एलडीएम प्रसिद्ध झा ने प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बैंक स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को बैंकिंग सुविधाओं, ऋण योजनाओं एवं वित्तीय साक्षरता का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान यूनियन आरसेटी के निदेशक पी के सिंह ने संस्थान की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान द्वारा ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को निःशुल्क एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। मौके पर संस्थान के संकाय सदस्य बिट्टू भारती, कार्यालय सहायक शुभम सिन्हा, रूपमती कुमारी, डोमेन स्किल ट्रेनर रूबी गुप्ता, राजीव कुमार सिंह सहित प्रशिक्षकगण एवं सभी प्रशिक्षणार्थी मौजूद थे।

*रोसड़ा में बूढ़ी गंडक पर बनेगा दूसरा पुल, विधानसभा में विधायक के सवाल पर सरकार ने दी जानकारी – Doorbeen News*

रोसड़ा में बूढ़ी गंडक पर बनेगा दूसरा पुल, विधानसभा में विधायक के सवाल पर सरकार ने दी जानकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *