व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर। जिले के मोहिउद्दीननगर प्रखंड क्षेत्र स्थित मदुदाबाद में एक गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एजेंसी के कार्यालय को सील कर दिया। संयुक्त छापेमारी के दौरान 73 उपभोक्ता कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रसीदें जब्त की गईं।
यह कार्रवाई अनुमंडल कार्यपालक दंडाधिकारी राजीव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी नवकंज कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मुदस्सिर सबा नजमी तथा अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पिछले एक महीने से उपभोक्ताओं द्वारा एजेंसी के खिलाफ लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों में समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराना, उपभोक्ताओं को लंबी कतार में खड़ा रखना, गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी, निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलना तथा गोदाम से स्वयं सिलेंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं से भी डिलीवरी शुल्क लेने जैसे गंभीर आरोप शामिल थे।

शिकायतों की सत्यता की जांच के लिए प्रशासनिक टीम ने एजेंसी परिसर में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान अभिलेखों की पड़ताल और एजेंसी कर्मियों से पूछताछ की गई। जांच के क्रम में 73 उपभोक्ता कार्ड, कई रसीदें और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि शिकायतों के संबंध में एजेंसी प्रबंधन संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और आवश्यक अभिलेखों का समुचित सत्यापन भी नहीं हो पाया। इसके बाद प्रारंभिक जांच के आधार पर एजेंसी कार्यालय को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।


अनुमंडल कार्यपालक दंडाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि जब्त दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों के साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छापेमारी अभियान में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी अभिषेक कुमार, एएसआई अशोक कुमार सिंह सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के गैस उपभोक्ताओं के बीच चर्चा का माहौल है।


*रेलवे अस्पताल परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित, शिविर में एकत्रित किया गया 42 यूनिट रक्त – Doorbeen News*
रेलवे अस्पताल परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित, शिविर में एकत्रित किया गया 42 यूनिट रक्त





