समस्तीपुर जंक्शन पर डेढ़ वर्षीय बच्चे के गले से सोने की चेन काटकर भाग रहा युवक गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें

समस्तीपुर। समस्तीपुर जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अपराध आसूचना शाखा की सतर्कता से एक बड़ी चोरी की वारदात विफल हो गई। टीम ने डेढ़ वर्षीय बच्चे के गले से सोने की चेन काटकर भाग रहे एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी किया गया सोने का लॉकेट और वारदात में प्रयुक्त ब्लेड भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, 7 जून 2026 को आरपीएफ पोस्ट समस्तीपुर के उप निरीक्षक पी.के. चौधरी, अपराध आसूचना शाखा के सहायक उप निरीक्षक आकाश रंजन कुमार तथा अन्य सुरक्षा कर्मी समस्तीपुर जंक्शन पर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर ट्रेन संख्या 15211 जननायक एक्सप्रेस के आगमन के बाद एक युवक को बरौनी साइड फुट ओवरब्रिज (एफओबी) की ओर संदिग्ध अवस्था में भागते देखा गया।

सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को एफओबी की सीढ़ियों पर घेरकर पकड़ लिया। इसी बीच एक महिला यात्री अपने छोटे बच्चे के साथ वहां पहुंची और युवक पर चोरी का आरोप लगाया।

महिला ने अपनी पहचान निभा कुमारी, निवासी अलौली थाना क्षेत्र, खगड़िया के रूप में बताते हुए कहा कि वह अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार के साथ समस्तीपुर से सरहिंद जाने के लिए जननायक एक्सप्रेस पकड़ने आई थीं। इसी दौरान आरोपी ने बच्चे के गले में लाल धागे में पिरोया हुआ करीब 40 हजार रुपये मूल्य का सोने का ‘ॐ’ अंकित लॉकेट ब्लेड से काट लिया और भागने लगा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज कुमार, निवासी अताउल्लापुर, थाना लालगंज, जिला वैशाली बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया सोने का लॉकेट तथा सिगरेट के पैकेट में छिपाकर रखा गया ब्लेड का टुकड़ा बरामद हुआ। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसी ब्लेड से उसने बच्चे के गले से लॉकेट काटा था।

आरपीएफ एवं अपराध आसूचना शाखा ने बरामद सामान को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और महिला यात्री की लिखित शिकायत के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी समस्तीपुर के हवाले कर दिया।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सूरज कुमार पहले भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में जीआरपी मुजफ्फरपुर में भारतीय दंड संहिता की धारा 414 के तहत मामला दर्ज हुआ था।

कार्रवाई में शामिल टीम

  • उप निरीक्षक पी.के. चौधरी, आरपीएफ पोस्ट समस्तीपुर
  • सहायक उप निरीक्षक आकाश रंजन कुमार, अपराध आसूचना शाखा समस्तीपुर
  • प्रधान आरक्षी देव शंकर सिंह
  • जीआरपी समस्तीपुर के सिपाही हरेराम कुमार

रेलवे सुरक्षा बल की इस त्वरित कार्रवाई की यात्रियों ने सराहना की है। इससे स्टेशन परिसर में सक्रिय चोरों और उचक्कों के खिलाफ सख्त निगरानी का संदेश गया है।

 

*खरीफ महाभियान-2026 को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर – Doorbeen News*

खरीफ महाभियान-2026 को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर जोर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *