व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News Desk: समस्तीपुर। खानपुर प्रखंड एवं आसपास के क्षेत्रों की जर्जर सड़कों के निर्माण तथा लंबित सड़क परियोजनाओं में तेजी लाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता त्रिपुरारी झा के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में हल्दिया-रक्सौल एक्सप्रेस-वे एवं पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य में तेजी लाने का अनुरोध किया गया। शिष्टमंडल ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की सात से दस पंचायतें सीधे तौर पर जुड़ेंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के साथ-साथ औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि खानपुर प्रखंड की नत्थूद्वार पंचायत के चौर क्षेत्र में लगभग 20 से 30 एकड़ भूमि औद्योगिक विकास के लिए चिह्नित की जा चुकी है।



ज्ञापन में खानपुर एवं आसपास के क्षेत्रों की कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की मांग भी उठाई गई। इनमें नत्थूद्वार पंचायत के वार्ड संख्या-5 में सुरेंद्र राय के घर से पुरुखोत्तमपुर तक सड़क निर्माण, खानपुर प्रखंड मुख्यालय जाने वाली मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान, भोरे जयराम पंचायत में राकेश झा की चिमनी से तीन बटिया होते हुए बछौली पंचायत के रंजीत चिमनी तक सड़क निर्माण, नत्थूद्वार पंचायत फाटक से धाईद बिशनपुर तक सड़क निर्माण, समस्तीपुर-वारिसनगर मथुरापुर घाट से पिरखपुर गांव तक सड़क निर्माण तथा शाहपुर हनुमान मंदिर ढाला से मोनू झा के घर तक सड़क निर्माण शामिल हैं।
शिष्टमंडल ने मंत्री को बताया कि इन सड़कों की स्थिति अत्यंत जर्जर है, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सड़क खराब होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। उन्होंने इन सभी सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता त्रिपुरारी झा के अलावा प्रभात मिश्रा, देवकांत झा, प्रवीण झा एवं धर्मेंद्र झा शामिल थे।



*पंचायत समिति की संभावित अंतिम बैठक में विकास योजनाओं और जनसमस्याओं पर हुई व्यापक चर्चा – Doorbeen News*
पंचायत समिति की संभावित अंतिम बैठक में विकास योजनाओं और जनसमस्याओं पर हुई व्यापक चर्चा





