समस्तीपुर में महिला को गोली मारकर किया घायल, पुराने विवाद में हमले का आरोप

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

दुरबीन न्यूज डेस्क: समस्तीपुर: रोसड़ा थाना क्षेत्र के भिरहा वार्ड संख्या-5 में रविवार सुबह पुराने विवाद को लेकर बदमाशों ने एक महिला को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

घायल महिला की पहचान कृष्ण देवी, पति मनोज राय, के रूप में हुई है। गोली उनके बांह में लगी है। घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल रोसड़ा ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल, समस्तीपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

पीड़िता के अनुसार, उनके घर के पीछे कुछ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता था, जिसका उन्होंने विरोध किया था। इसके बाद से उन्हें और उनके परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। महिला का आरोप है कि विरोध करने के कारण बदमाशों ने उनके पति को झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवा दिया था।

कृष्ण देवी ने बताया कि चार दिन पहले पति की रिहाई के सिलसिले में कोर्ट से लौटने के दौरान भी उन्हें धमकी दी गई थी। उनका आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने पूर्व में दी गई शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया।

महिला के मुताबिक, रविवार सुबह जब वह अपने दरवाजे पर खड़ी थीं, तभी कृष्ण कुमार राय, धर्मेंद्र राय तथा चार-पांच अन्य अज्ञात लोगों के साथ वहां पहुंचे और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान उन्हें गोली मार दी गई। आरोप है कि घटना के बाद हमलावरों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से कई राउंड हवाई फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि घायल महिला के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

*पटना हाईकोर्ट की दूसरी महिला मुख्य न्यायाधीश बनीं न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय Doorbeen News*

पटना हाईकोर्ट की दूसरी महिला मुख्य न्यायाधीश बनीं न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *